NEET Re-Exam धांधली: बायोमेट्रिक फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड प्रमोद कुमार गिरफ्तार, EOU की बड़ी कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : बिहार में प्रतियोगिता परीक्षाओं में धांधली करने वाले माफियाओं के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। EOU ने नीट री-परीक्षा 2026 के दौरान मूल परीक्षार्थियों की जगह फर्जी स्कॉलर बिठाने वाले गिरोह के मुख्य सरगना प्रमोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

दरअसल, यह पूरा मामला लखीसराय जिले के किउल थाना (काण्ड संख्या- 64/2026) से जुड़ा है। बीते 21 जून 2026 को आयोजित नीट री-परीक्षा के दौरान खगौर स्थित केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक ऑपरेटरों और सुपरवाइजरों की मिलीभगत से असली छात्रों की जगह फर्जी परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। मामले का खुलासा होने के बाद बायोमेट्रिक ऑपरेटर और सुपरवाइजर सहित कुल 27 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी।

लेता था टेंडर, ऐसे खुली पोल

गिरफ्तार आरोपित प्रमोद कुमार (उम्र 25 साल ) ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल किया है। उसने बताया कि विकास कुमार और राहुल के माध्यम से लखीसराय केंद्र पर होने वाली NEET परीक्षा के बायोमेट्रिक का टेंडर लिया था।

इसके बाद वह मो. शहजाद, सुबोध और रोहित कुमार उर्फ मुरारी के साथ मिलकर असली छात्रों के बायोमेट्रिक डेटा में हेरफेर करता था और ऑपरेटरों की मदद से फर्जी परीक्षार्थियों को केंद्र के अंदर प्रवेश दिलाता था। EOU की जांच में यह भी सामने आया है कि लखीसराय के कवैया थाने में दर्ज दो अन्य मामलों में भी प्रमोद की सीधी संलिप्तता थी।

अधिकारियों के मुताबिक इस मामले में पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके 14 आरोपितों के खिलाफ आरोप पत्र (चार्जशीट) न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है। वहीं, इस गिरोह के एक अन्य प्रमुख सदस्य रोहित कुमार उर्फ मुरारी को इस केस में रिमांड पर लिया गया है। आर्थिक अपराध इकाई ने साफ किया है कि परीक्षाओं में गलत तरीके से प्रश्न पत्र लीक कराने वाले, फर्जीवाड़ा करने वाले और अवैध आर्थिक लाभ लेने वाले सिंडिकेट को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।

यह भी पढ़ें :  दिल्ली में प्रदर्शन पर सियासी संग्राम! खरगे ने मोदी सरकार को घेरा, अखिलेश की चेतावनी- देश में हर जगह बनेगा जंतर-मंतर 

संबंधित समाचार