कांग्रेस भ्रम फैलाने के बजाय तथ्यों का सम्मान करे : राजरानी रावत का विपक्ष पर करारा हमला
जिला पंचायत सभागार में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित की गई प्रेस वार्ता
जिला पंचायत सभागार में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिला पंचायत प्रशासक राजरानी रावत और जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा भुल्लन ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
बाराबंकी, अमृत विचार : जिला पंचायत सभागार में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिला पंचायत प्रशासक राजरानी रावत और जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा भुल्लन ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
राजरानी रावत ने कहा कि लगातार चुनावी पराजयों के बाद कांग्रेस अपनी राजनीतिक नाकामियों को छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनादेश का सम्मान और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। कांग्रेस को भ्रम फैलाने के बजाय तथ्यों का सम्मान करना चाहिये। वहीं जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा भुल्लन ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष को बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय तथ्यों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग के 26 सितंबर के संयुक्त बयान का हवाला देते हुए कहा कि एसआईआर समेत प्रमुख फैसले तीनों चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिए गए थे। चुनाव आयोग ने भी अपने बयान में प्रमुख निर्णयों को सर्वसम्मति से लिया गया बताया है।
भाजपा नेताओं ने आयोग की ओर से कैबिनेट सेक्रेटरी को भेजे गए पत्र और फॉर्म-6 को लेकर दिए गए स्पष्टीकरण का भी उल्लेख किया। पार्टी ने कांग्रेस से संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति पर आत्ममंथन करने की बात कही। प्रेस वार्ता में भाजपा जिला महामंत्री विजय आनंद बाजपेई, सह मीडिया संयोजक चमन सिंह पटेल और वैभव मिश्रा मौजूद रहे।
