पौराणिक कथा : कर्ण की अंतिम परीक्षा
महाभारत का युद्ध अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका था। रणभूमि में चारों ओर विनाश का दृश्य था। महान योद्धा कर्ण अर्जुन के बाणों से बुरी तरह घायल होकर मृत्यु की शय्या पर पड़े थे। शरीर पर असंख्य घाव थे, सांसें धीमी पड़ रही थीं, लेकिन चेहरे का तेज अब भी वैसा ही था। मृत्यु सामने खड़ी थी, फिर भी कर्ण के मन में दान और धर्म का भाव जीवित था। कर्ण की दानवीरता की चर्चा तीनों लोकों में थी। कहा जाता था कि उनके द्वार से कभी कोई याचक खाली हाथ नहीं लौटता। भगवान श्रीकृष्ण उनके इसी गुण की अंतिम परीक्षा लेना चाहते थे। उन्होंने एक वृद्ध ब्राह्मण का रूप धारण किया और घायल कर्ण के पास जा पहुंचे।
ब्राह्मण ने कर्ण को संबोधित करते हुए कहा, “हे दानवीर! मैंने सुना है कि आपके द्वार से कोई भी याचक निराश होकर नहीं लौटता। मैं एक निर्धन ब्राह्मण हूं और आपसे दान की आशा लेकर आया हूं।” धीमे स्वर में बोले, “हे ब्राह्मणदेव! आप ऐसे समय आए हैं, जब मेरा जीवन अंतिम सांसें गिन रहा है। मेरे पास अब आपको देने के लिए कुछ भी नहीं बचा।” ब्राह्मण मुस्कुराया और बोला, “यदि आज मैं खाली हाथ लौट गया तो संसार का यह विश्वास टूट जाएगा कि कर्ण के द्वार से कभी कोई याचक निराश नहीं लौटा।”
ये शब्द कर्ण के हृदय को छू गए। उन्होंने क्षणभर सोचा। तभी उन्हें स्मरण हुआ कि उनके दो दांत सोने के हैं। मृत्यु की पीड़ा भूलकर उन्होंने पास पड़ा पत्थर उठाया और अपने दोनों सोने के दांत तोड़ दिए। उन्हें ब्राह्मण को सौंपते हुए बोले, “मेरे पास यही है, इसे स्वीकार कर लीजिए।” ब्राह्मण ने दांतों की ओर देखा और कहा, “ये तो रक्त से सने हुए हैं। मैं इन्हें इस रूप में स्वीकार नहीं कर सकता।”
कर्ण के चेहरे पर तनिक भी निराशा नहीं आई। उन्होंने अपना धनुष उठाया और बाण पर दिव्य अस्त्र का संधान किया। फिर पृथ्वी की ओर बाण छोड़ा। देखते ही देखते वहां से जल की निर्मल धारा फूट पड़ी। कर्ण ने उस जल से सोने के दांतों को धोया और दोनों हाथों से उन्हें श्रद्धापूर्वक ब्राह्मण को अर्पित कर दिया।
कर्ण की निःस्वार्थ दानशीलता देखकर ब्राह्मण का रूप बदल गया। उनके सामने स्वयं भगवान श्रीकृष्ण खड़े थे। श्रीकृष्ण ने प्रसन्न होकर कहा, “कर्ण! तुम्हारी दानवीरता और धर्मनिष्ठा ने मुझे प्रसन्न कर दिया है। मांगो, क्या वरदान चाहते हो?” कर्ण ने विनम्रता से कहा, “प्रभु! यदि मुझे अगला जन्म मिले, तो मैं हर जन्म में धर्म, सत्य और दान के मार्ग पर चलता रहूं।”
कर्ण की यही इच्छा उनके जीवन का अंतिम संदेश बन गई-सच्चा दान वही है, जो परिस्थिति नहीं, बल्कि मन की उदारता देखकर दिया जाए।
- संतराम वाजपेयी, गोण्डा
