छठ के गीत : लोकसंस्कृति की विरासत और नई पीढ़ी की आवाज

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

छठ केवल सूर्योपासना का पर्व नहीं है। यह लोकजीवन की स्मृतियों, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पारिवारिक आत्मीयता और सामूहिक सांस्कृतिक चेतना का उत्सव है। इसकी आत्मा लोकगीतों में बसती है। कार्तिक महीने में जब घर-आंगन से लेकर नदियों और तालाबों के घाटों तक छठ के गीत गूंजते हैं, तो पूरा समाज अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ता दिखाई देता है। इन गीतों की शक्ति शास्त्रीय आडंबर में नहीं, बल्कि लोकभाषा, सहज अभिव्यक्ति और पीढ़ियों से संचित सामूहिक अनुभव में है। यही कारण है कि बदलते समय में भी इनकी लोकप्रियता बनी हुई है।

गांव से दुनिया तक पहुंची लोकधुनें

बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में विकसित छठ गीतों की परंपरा अब देश-दुनिया में बसे प्रवासी भारतीयों के जीवन का हिस्सा बन चुकी है। महानगरों की इमारतों और विदेशों में नदी-तालाबों के किनारे जब ये गीत गूंजते हैं, तो उनके साथ गांव की मिट्टी, घर का आंगन, नदी और बचपन की स्मृतियां भी लौट आती हैं। इस तरह छठ के गीत भौगोलिक दूरियों को मिटाकर लोगों को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जोड़ते हैं।

पुरबिया समाज में कार्तिक महीने के छठ को डाला छठ कहा जाता है। लोकमान्यता के अनुसार चैती छठ, ललही छठ, लोलार्क छठ और डाला छठ जैसे पर्व मनाए जाते हैं। इनमें डाला छठ का विशेष महत्व है। पारंपरिक रूप से इसके गीतों का गायन गोधन के दिन से शुरू होता है। गोधन कूटने के बाद जिन घरों में छठ होता है, वहां महिलाएं छठी मइया और भगवान आदित्य के प्रति संकल्प व्यक्त करती हैं। इसी क्रम में गीत गाया जाता है-‘छठी मइया आइल बानी, नेवता ले घटिया तोहार।’ यह गीत छठ की विधिवत शुरुआत का सांस्कृतिक आह्वान है।

लोकभाषा में जीवन के रंग

भोजपुरी, मगही, मैथिली, अंगिका और बज्जिका सहित क्षेत्रीय बोलियों में रचे गए ये गीत आम जनजीवन की भाषा बोलते हैं। ‘कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए’ में छठ की तैयारियों का दृश्य उभरता है, तो ‘केरवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मेंडराय’ में प्रकृति, लोकविश्वास और पूजा की परंपरा एकाकार हो जाते हैं। बांस, सूप, दउरा, फल, नदी और सूर्यदेव के माध्यम से इनमें ग्रामीण जीवन का पूरा संसार दिखाई देता है। छठ गीतों में स्त्री जीवन के अनुभव भी प्रमुखता से अभिव्यक्त होते हैं। व्रत की तैयारी, प्रसाद बनाना, घाट तक जाना और परिवार के कल्याण की कामना करना, इन सभी में महिलाओं की केंद्रीय भूमिका रहती है। मां की ममता, बहन का स्नेह और बेटी की मायके से जुड़ी स्मृतियां इन गीतों को भावनात्मक गहराई देती हैं। महिलाएं इस परंपरा की सहभागी ही नहीं, बल्कि इसकी सबसे बड़ी संवाहक और रचनाकार भी रही हैं।

लोककलाकारों ने दी नई पहचान

छठ गीतों को व्यापक पहचान दिलाने में विंध्यवासिनी देवी का योगदान उल्लेखनीय है। उन्होंने भोजपुरी, मैथिली और मगही की लोकधुनों को सहेजकर व्यापक श्रोता समुदाय तक पहुंचाया। इसके अलावा भरत शर्मा व्यास, अनुराधा पौडवाल, विजया भारती, रंजना झा, बेला सुलेखा और कल्पना पटवारी जैसे कलाकारों ने इस परंपरा को समृद्ध किया है। समकालीन दौर में चंदन तिवारी ने लोकगीतों की मौलिकता और लोकभाषाओं की पहचान को सामने लाने का प्रयास किया है। ‘पुरबियतां’ जैसी पहल पूर्वांचल की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ रही है। गायिका देवी और मैथिली ठाकुर ने भी लोकगीतों को नए श्रोता वर्ग तक पहुंचाया है।

इसी कड़ी में असम की लोकगायिका कल्पना पटवारी की पहल विशेष महत्व रखती है। उन्होंने बिहार की पांच लोकभाषाओं-मैथिली, भोजपुरी, मगही, अंगिका और बज्जिका में सात छठ गीतों की प्रस्तुति दी है। इनमें मैथिली और भोजपुरी के दो-दो तथा अन्य तीन भाषाओं के एक-एक गीत शामिल हैं। इनका चयन हृदय नारायण झा की पुस्तक ‘छठगीत (सर्वसौभाग्यदायकम)’ से किया गया है। यह प्रयास बिहार की भाषाई विविधता को एक साझा सांस्कृतिक स्वर देता है।
नई पीढ़ी की कलाकार मनीषा श्रीवास्तव की सक्रियता भी उल्लेखनीय है। उनके गीत ‘बबुआ देले बिसराई’ का बिहार के राज्यपाल और कला एवं संस्कृति मंत्री की उपस्थिति में लोकार्पण लोकसंगीत को सार्वजनिक सांस्कृतिक मंचों पर पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। नई पीढ़ी के कलाकार जब लोकभाषाओं में गीत प्रस्तुत करते हैं, तो वे पुरानी परंपराओं को नए श्रोताओं से जोड़ते हैं।

पीढ़ियों तक पहुंचे लोक की विरासत

छठ के गीतों की परंपरा को सुरक्षित रखने में डॉ. रामनारायण तिवारी जैसे लोकमर्मज्ञों का संकलन और शोध भी महत्वपूर्ण है। मौखिक स्मृतियों में सुरक्षित गीतों को खोजने, संकलित करने और अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का काम सांस्कृतिक संरक्षण की बुनियादी शर्त है। जब घाटों पर ‘उग हो सुरुज देव, भइल अरघ के बेर’ की धुन गूंजती है, तो वह केवल पूजा का आह्वान नहीं, बल्कि जीवन के प्रति भरोसे और आशा का सामूहिक स्वर बन जाती है। जरूरत है कि इन गीतों को केवल पर्व के चार दिनों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इन्हें अपनी भाषाई पहचान, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक स्मृति का हिस्सा माना जाए। परंपरा तभी जीवित रहती है, जब एक पीढ़ी उसे दूसरी पीढ़ी तक सौंपने के साथ उसके अर्थ और संवेदना से भी परिचित कराती है। छठ गीतों की यही अमर विरासत बिहार की मिट्टी की सुगंध के साथ आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचती रहेगी।

- कुमार कृष्णन, लेखक भागलपुर

संबंधित समाचार