यूपी में सरकारी नौकरियों की बहार: 24 हजार से ज्यादा पदों पर खुले भर्ती के दरवाजे, कहीं हाथ से न निकल जाए आवेदन की आखिरी तारीख

Amrit Vichar Network
On

यूपीपीएससी, यूपीएसएसएससी और शिक्षा सेवा चयन आयोग की सात बड़ी भर्तियों के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी, नवंबर के आखिरी हफ्ते तक बंद हो जाएंगे पोर्टल

उत्तर प्रदेश में UPPSC, UPESSC और UPSSSC के तहत टीजीटी, प्रधानाचार्य, RO/ARO, इंटर लेवल और जेई के 24 हजार से ज्यादा पदों पर आवेदन चल रहे हैं। जानें सभी भर्तियों की अंतिम तिथि।

दरख्शां कदीर सिद्दीकी, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए यह सबसे निर्णायक समय है। प्रदेश के तीन बड़े भर्ती आयोगों—उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC), उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC)—ने कुल 24,203 पदों पर बंपर भर्तियों का पिटारा खोल दिया है। इनमें शिक्षक, प्रधानाचार्य, समीक्षा अधिकारी (RO/ARO), अवर अभियंता (JE) और इंटर स्तरीय पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है, लेकिन कई भर्तियों की अंतिम तिथि बेहद करीब आ गई है।

शिक्षक और प्रधानाचार्य के 20 हजार से ज्यादा पदों पर मौका

शिक्षा विभाग में करियर बनाने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने सबसे बड़ी सौगात दी है। आयोग द्वारा प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) के कुल 17,735 पदों पर भर्ती निकाली गई है, जिसके लिए 24 अक्टूबर 2026 से आवेदन शुरू हो चुके हैं और अंतिम तिथि 23 नवंबर 2026 निर्धारित है। इसी क्रम में प्रधानाचार्य (Principal) के 1,475 पदों और प्रधानाध्यापक (Headmaster) के 1,172 पदों के लिए भी 23 अक्टूबर से आवेदन लिए जा रहे हैं। इन दोनों पदों पर आवेदन करने की आखिरी तारीख 22 नवंबर 2026 रखी गई है, लिहाजा पात्र अभ्यर्थियों के पास अब बेहद कम समय बचा है।

समीक्षा अधिकारी (RO/ARO) और इंटर स्तरीय पदों की दौड़ तेज

प्रशासनिक और सचिवालय सेवाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की ओर से आरओ और एआरओ (RO/ARO) के 501 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इसके लिए 26 अक्टूबर 2026 से आवेदन जारी हैं और अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 तक फॉर्म भर सकते हैं। दूसरी तरफ, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने इंटरमीडिएट पास युवाओं के लिए 1,784 पदों पर भर्ती प्रक्रिया 10 नवंबर 2026 से शुरू कर दी है, जिसकी अंतिम तिथि 1 दिसंबर 2026 तय की गई है।

इंजीनियरिंग डिप्लोमा धारकों के लिए भी खुला पिटारा

तकनीकी क्षेत्र के युवाओं के लिए भी यूपीएसएसएससी (UPSSSC) ने अवर अभियंता (JE) के पदों पर भर्तियां निकाली हैं। इनमें जूनियर इंजीनियर मैकेनिकल (JE Mechanical) के 1,156 पदों पर अक्टूबर से आवेदन प्रक्रिया चल रही है, जिसकी आखिरी तारीख 25 नवंबर 2026 है। वहीं, जूनियर इंजीनियर इलेक्ट्रिकल (JE Electrical) के 380 पदों के लिए भी अक्टूबर से आवेदन मांगे गए हैं, जिसके लिए अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अंतिम दिनों में वेबसाइट पर सर्वर की समस्या से बचने के लिए अभ्यर्थी समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें।

यह भी पढ़ें: UP PET 2026 आज से शुरू : 35 लाख अभ्यर्थियों की नजर सरकारी नौकरी पर, जानें किन पदों पर मिलेगा मौका और कितनी होगी सैलरी

संबंधित समाचार