पीपल के नीचे दीपक जलाने के लाभ
शनिवार के दिन पीपल के पेड़ के नीचे आटे का दीपक जलाने की धार्मिक मान्यता है। माना जाता है कि इससे शनि दोष, साढ़ेसाती और ढैय्या का प्रभाव कम होता है तथा पितरों और मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है। दीपक जलाने के बाद बचा हुआ आटा चीटियों और अन्य जीव-जंतुओं को खिलाने से बेजुबानों का पेट भरता है। मान्यता है कि इससे उनकी दुआएं मिलती हैं और जीवन के कष्ट कम होते हैं।
मुख्य लाभ :
सरसों या तिल के तेल का दीपक जलाने से शनिदेव प्रसन्न होते हैं और जीवन की बाधाएं दूर होती हैं। आटे का चौमुखी दीपक जलाने से पितृगण संतुष्ट होते हैं तथा घर में सुख-शांति बनी रहती है। पीपल में देवी-देवताओं का वास माना गया है, इसलिए इसकी पूजा से धन और करियर से जुड़ी परेशानियां दूर होने तथा आर्थिक स्थिति में सुधार की मान्यता है।
सही तरीका :
शनिवार की शाम सूर्यास्त के बाद या गोधूलि बेला में दीपक जलाना शुभ माना जाता है। गूंथे हुए आटे से साफ चौमुखी दीपक बनाकर उसमें सरसों का तेल और लंबी बाती लगाएं। शनिदेव की पूजा सूर्योदय से पहले या सूर्यास्त के बाद करने की परंपरा है। पूजा करते समय शनिदेव की मूर्ति के सामने सीधे खड़े होने और आंखों से आंखें मिलाने से बचें। लाल पुष्प भी शनिदेव को अर्पित न करने की मान्यता है। दूर से ही उन्हें प्रणाम करें।
शनिवार को पीपल की जड़ में दूध, पानी और चीनी मिश्रित जल लोहे के पात्र से अर्पित करने की भी परंपरा है। मान्यता है कि इससे शनिदेव के साथ राहु-केतु की कृपा प्राप्त होती है और जीवन की परेशानियां कम होती हैं। इससे धन-संपत्ति के आगमन और उन्नति के नए रास्ते खुलने तथा पूर्व जन्म और इस जन्म के पापों का क्षय होने की भी मान्यता है। यदि शनिदेव की कृपा पानी है, तो बेईमानी, मक्कारी, रिश्वतखोरी और किसी का हक मारने से दूर रहना चाहिए। गरीब, असहाय और मजदूरों को नहीं सताना चाहिए।
जरूरतमंदों को भोजन कराना, आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की पढ़ाई में मदद करना, कन्याओं के विवाह में सहयोग करना और अस्पतालों में फल आदि का दान करना शुभ माना जाता है। पक्षियों को सतनाजा, चीटियों को मीठा मिला भुना आटा और मछलियों को चारा खिलाने की भी परंपरा है। याद रखें, शनिदेव को कर्म का देवता माना जाता है। मान्यता है कि मनुष्य को उसके कर्मों के अनुसार ही फल प्राप्त होता है। अच्छे कर्म करने से शनिदेव की कृपा मिलती है, जबकि गलत कर्म जीवन में परेशानियां ला सकते हैं। इसी कारण शनिदेव को कलियुग में न्यायाधीश का दर्जा दिया गया है।
पीपल में जल चढ़ाने की भी विशेष मान्यता है। शनिवार या अमावस्या को पीपल की जड़ में जल अर्पित करने से शनि दोष और पितृ दोष शांत होने तथा राहु-केतु के नकारात्मक प्रभाव कम होने की मान्यता है। नियमित रूप से पीपल की सेवा करने से घर में सुख-समृद्धि और धन आगमन के नए रास्ते खुलने की भी धार्मिक मान्यता है।
- अनिल सुधांशु, आध्यात्मिक लेखक, बरेली
