Budaun News: PM Shri Schools में पढ़ाई का नया अंदाज, विज्ञान-गणित के मॉडल से सीखेंगे बच्चे
सौरमंडल से कोण व एबेकस तक, खेल-खेल में समझेंगे कठिन सवाल
PM श्री स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई को रोचक और व्यावहारिक बनाने की पहल शुरू होगी। विज्ञान और गणित के मॉडल से तैयार मॉडल गार्डन में बच्चे किताबों से बाहर निकलकर प्रयोग और गतिविधियों के जरिए सीखेंगे।
बदायूं, अमृत विचार। अब जिले के 39 पीएमश्री स्कूलों में बच्चे विज्ञान और गणित की पढ़ाई सिर्फ किताबों से नहीं करेंगे, बल्कि मॉडल के जरिए विषयों को समझेंगे। स्कूल परिसर में विज्ञान-गणित मॉडल गार्डन तैयार किए जाएंगे। इनमें सौरमंडल से लेकर कोण, ज्यामितीय आकृतियां और एबेकस तक के मॉडल लगाए जाएंगे। इनके जरिए बच्चे खेल-खेल में कठिन अवधारणाओं को आसानी से समझ सकेंगे।
मॉडल गार्डन में कक्षा के पाठ्यक्रम से जुड़े ऐसे मॉडल लगाए जाएंगे, जिन्हें देखकर बच्चे विज्ञान और गणित के सवालों को व्यवहारिक तौर पर समझ सकें। शिक्षक भी इनका इस्तेमाल कक्षा में विषय को सरल तरीके से समझाने के लिए कर सकेंगे। पीएम श्री स्कूलों में बच्चों को विज्ञान में सौरमंडल, ग्रहों की स्थिति और दूसरी अवधारणाओं से जुड़े मॉडल लगाए जाएंगे। वहीं गणित में कोण, ज्यामितीय आकृतियां, गणना और एबेकस जैसे मॉडल बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे। इससे बच्चों को किताब में पढ़ी चीजों को वास्तविक मॉडल के माध्यम से देखने और समझने का अवसर मिलेगा।
पीएमश्री स्कूलों को मिलेंगी नई सुविधाएं
जिले के 39 पीएमश्री स्कूलों को आधुनिक शिक्षण व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में यह पहल की जा रही है। मॉडल गार्डन के जरिए स्कूलों में पढ़ाई को अधिक रोचक और प्रयोगात्मक बनाने का प्रयास होगा। बच्चों को किताबों से बाहर निकलकर विज्ञान और गणित को करीब से जानने-समझने का मौका मिलेगा।
रटने के बजाय समझकर सीखने पर जोर
बीएसए नवीन कुमार ने बताया कि पीएमश्री स्कूलों में शिक्षण को अधिक गतिविधि आधारित और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मॉडल गार्डन के माध्यम से बच्चों को विज्ञान और गणित की अवधारणाओं को व्यावहारिक तरीके से समझने का अवसर मिलेगा। इससे विषयों के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने और समझ को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
