अच्छी खबर: लखनऊ के ऐतिहासिक जुबिली कॉलेज में देश की पहली 'ड्रीम लैब' तैयार, छात्रों को मिलेगी आधुनिक तकनीकी शिक्षा

Amrit Vichar Network
On

टाटा Nelco के सहयोग से बनी इस अत्याधुनिक लैब में ड्रोन, रोबोटिक्स और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसी आधुनिक तकनीक का मिलेगा फ्री प्रैक्टिकल ज्ञान।

लखनऊ के ऐतिहासिक राजकीय जुबिली इण्टर कॉलेज में टाटा Nelco के सहयोग से देश के किसी भी राजकीय विद्यालय की पहली 'ड्रीम लैब' बनकर पूरी तरह तैयार हो गई है। महज चार महीने के अंदर प्रिंसिपल सुमीत कुमार श्रीवास्तव की मेहनत और अफसरों के साथ से यह शानदार काम मुमकिन हुआ है। शनिवार को अपर मुख्य सचिव पार्थ सेन सारथी और महानिदेशक मोनिका रानी समेत कई बड़े अधिकारियों ने इस लैब का जायजा लिया और इसे एक नोडल सेंटर के तौर पर विकसित करने के निर्देश दिए। यहां अब सरकारी स्कूलों के बच्चों को ड्रोन, रोबोटिक्स, IoT और ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल) जैसी एडवांस टेक्नोलॉजी की फ्री ट्रेनिंग मिलेगी।

लखनऊ,अमृत विचार:  प्रदेश की पुरानी और ऐतिहासिक धरोहर राजकीय जुबिली इण्टर कॉलेज, लखनऊ में देश के किसी भी सरकारी स्कूल की पहली अत्याधुनिक 'ड्रीम लैब' बनकर तैयार हो गई है। टाटा Nelco के सहयोग से बनी इस लैब का शनिवार को शिक्षा विभाग के बड़े अफसरों ने निरीक्षण किया और व्यवस्थाएं देखकर काफी खुशी जताई।
 
इस दौरान अपर मुख्य सचिव (माध्यमिक शिक्षा) पार्थ सेन सारथी, स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी (IAS), निदेशक प्रताप सिंह बघेल, अपर परियोजना निदेशक विष्णु कांत पांडेय और संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप सिंह ने लैब की आधुनिक सुविधाओं को बारीकी से देखा।
 
अपर मुख्य सचिव पार्थ सेन सारथी ने प्रिंसिपल सुमीत कुमार श्रीवास्तव के प्रयासों की तारीफ करते हुए इस लैब को 'नोडल सेंटर' के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि यहां की सुविधाओं का पूरा फायदा बच्चों को मिल सके।
 
 
चार महीने में बदला स्कूल का माहौल
प्रिंसिपल सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने इसी साल 3 जून को राजकीय जुबिली कॉलेज का कार्यभार संभाला था। पद संभालते ही उन्होंने टाटा Nelco की टीम के साथ इस परियोजना के लिए समझौता पत्र (MoU) साइन किया। इससे पहले पिछले छह महीनों से कोई सही कमरा न मिल पाने की वजह से यह प्रोजेक्ट अटका हुआ था।
 
इससे पहले सुमीत कुमार जब पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज वाराणसी में थे, तब भी उन्होंने वहां के पुराने छात्रों (Alumni) के सहयोग से यूपी के सरकारी स्कूलों की पहली रोबोटिक्स लैब बनवाई थी। जुबिली में आते ही उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का सही इस्तेमाल किया और सिर्फ 4 महीने के छोटे से वक्त में इस ड्रीम लैब को खड़ा कर दिया।
 
ड्रोन, रोबोटिक्स और EV की मिलेगी प्रैक्टिकल ट्रेनिंग
टाटा Nelco के सहयोग से बनी इस लैब में बच्चों को ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) जैसी एडवांस तकनीकों पर काम करने और सीखने का मौका मिलेगा। इसे नोडल सेंटर बनाए जाने से सिर्फ जुबिली कॉलेज ही नहीं, बल्कि आसपास के दूसरे सरकारी स्कूलों के उन बच्चों को भी बिल्कुल मुफ्त ट्रेनिंग मिलेगी, जो साइंस और टेक्नोलॉजी में रुचि रखते हैं।
 
'बुके नहीं, बुक' और पौधरोपण कर दिया संदेश
जांच-परख के दौरान प्रिंसिपल के कहने पर अधिकारियों ने कॉलेज परिसर में चंदन का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही स्वागत में फूलों के गुलदस्ते देने के बजाय अधिकारियों को किताबें भेंट की गईं।
 
प्रिंसिपल सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि विभागीय मदद और सही तालमेल से सरकारी स्कूलों में बड़ा बदलाव संभव है। यह ड्रीम लैब बच्चों के लिए नई सोच, हुनर और बेहतर भविष्य के दरवाजे खोलेगी।
 

संबंधित समाचार