बलरामपुर में मूर्ति विसर्जन से लौट रही पिकअप खाई में पलटी: हादसे में 13 श्रद्धालु घायल, तीन की हालत गंभीर होने पर बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर
लरामपुर सड़क हादसा: मूर्ति विसर्जन से लौट रही पिकअप पलटने से 13 घायल, सांसद ने की 5-5 लाख मुआवजे की मांग
बलरामपुर के गैसड़ी थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन से लौट रही पिकअप खाई में पलटने से 13 श्रद्धालु घायल हो गए हैं। गंभीर घायलों को बहराइच रेफर किया गया है
डिजिटल डेस्क,अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में मूर्ति विसर्जन के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों समेत 13 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से नौ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
गैसड़ी थाना क्षेत्र के खरदौरा गांव के थे श्रद्धालु
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात गैसड़ी थाना क्षेत्र के खरदौरा गांव के श्रद्धालु मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पिकअप जीप से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बढ़नी राजमार्ग पर गैसड़ी थाना क्षेत्र के पास अचानक जीप अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गहरी खाई में जा पलटी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल होने वालों में रामसागर (18), अमर (15), दुर्गेश विश्वकर्मा (27), बरसाती (27), अंकुश (14), राजन (19), उमेश (18), सिद्धार्थ (10) और मनोज (37) शामिल हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सिद्धार्थ, मनोज और दुर्गेश की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जिलाधिकारी और सांसद ने लिया घायलों का जायजा
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी विपिन जैन ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी। वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। सांसद ने सरकार से मांग की है कि इस दुर्घटना में घायल सभी श्रद्धालुओं को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
यह भी पढ़ें:-
कन्नौज में भीषण सड़क हादसा: तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत, एक अन्य दोस्त हुआ घायल
