लखनऊ के ITI में दाखिले का आखिरी मौका, आज दोपहर 12 बजे तक वॉक-इन प्रवेश, ये दस्तावेज लेकर पहुंचें
ऑनलाइन आवेदन करने वाले अप्रवेशित और पूर्व चयनित अभ्यर्थियों को अंतिम मौका
लखनऊ के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में प्रवेश सत्र 2026 के तहत रिक्त सीटों पर दाखिले का अंतिम मौका दिया गया है। पंचम चरण में अभ्यर्थी 19 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे तक वॉक-इन प्रक्रिया के माध्यम से प्रवेश ले सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद दाखिले से वंचित रहे अभ्यर्थियों और पूर्व में चयनित लेकिन प्रवेश नहीं ले पाने वाले छात्रों को यह अवसर मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को प्रार्थना पत्र, ऑनलाइन आवेदन की प्रति, रैंक कार्ड, आधार कार्ड और शैक्षिक प्रमाणपत्रों के साथ नजदीकी राजकीय ITI पहुंचना होगा।
लखनऊ, अमृत विचार। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश पाने से चूक गए अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रवेश सत्र 2026 के तहत रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए पंचम चरण में वॉक-इन प्रवेश का मौका दिया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी 19 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे तक लखनऊ के किसी भी राजकीय आईटीआई में पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन किया था, तो न चूकें मौका
आईटीआई के नोडल प्रधानाचार्य राज कुमार यादव के अनुसार, ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने सत्र 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन तो किया था, लेकिन किसी कारणवश उन्हें प्रवेश नहीं मिल सका, वे इस प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा, पूर्व में चयनित होने के बावजूद निर्धारित समय में दाखिला नहीं ले पाने वाले अभ्यर्थियों को भी एक और अवसर दिया गया है। रिक्त सीटों को भरने के लिए आयोजित इस चरण में अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित राजकीय आईटीआई पहुंचना होगा।
दाखिले के लिए साथ ले जाएं ये जरूरी दस्तावेज
प्लेसमेंट अधिकारी एमए खां ने बताया कि प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में परेशानी न हो।
दस्तावेजों की सूची
प्रार्थना पत्र
ऑनलाइन आवेदन पत्र की प्रति
रैंक कार्ड
आधार कार्ड
शैक्षिक योग्यता के प्रमाणपत्र
अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाणपत्रों के साथ उनकी स्वप्रमाणित छायाप्रतियां भी जमा करनी होंगी।
आज दोपहर 12 बजे तक ही मौका
आईटीआई अलीगंज की ओर से पंचम चरण के प्रवेश के लिए 19 अक्टूबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। ऐसे में दाखिले से वंचित अभ्यर्थियों को बिना देर किए अपने नजदीकी राजकीय आईटीआई पहुंचकर प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।
