UP Board Exam : श्रावस्ती के 40 विद्यालयों में होगी बोर्ड परीक्षा, 24,897 परीक्षार्थी होंगे शामिल

Amrit Vichar Network
On

श्रावस्ती में यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए 40 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। हाईस्कूल और इंटर के 24,897 परीक्षार्थी शामिल होंगे। केंद्रों पर आपत्ति 28 अक्टूबर तक दर्ज कराएं।

श्रावस्ती में यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए 40 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। कुल 24,897 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। केंद्र निर्धारण पर आपत्तियां 28 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन दर्ज कराई जा सकती हैं।

श्रावस्ती, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं पांच फरवरी से 24 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। इसके लिए जिले में 40 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है। इन केंद्रों पर कुल 24,897 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा जारी सूची के अनुसार, हाईस्कूल के 14,134 और इंटरमीडिएट के 10,763 परीक्षार्थियों के लिए केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

निर्धारित केंद्रों में चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज, श्रावस्ती में सर्वाधिक 2,105 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें हाईस्कूल के 1,022 और इंटरमीडिएट के 1,083 परीक्षार्थी शामिल हैं। इसी क्रम में श्री अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज, भिनगा में 1,502 और जगत जीत इंटर कॉलेज, इकौना में 1,250 परीक्षार्थियों के लिए केंद्र निर्धारित किया गया है। 

एसएमएसपी इंटर कॉलेज, तुलसीपुर में 1,072, जनता इंटर कॉलेज, पटना खर्गौरा में 946, राजकीय इंटर कॉलेज, गब्बापुर में 921 तथा एसबीपीजी नाथ इंटर कॉलेज, मनिका चौक में 914 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। वहीं, श्री राम उजागर एसबीबी पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज, भरीगांव सोनवा में 869 और एलबीएस इंटर कॉलेज, वीरगंज में 815 परीक्षार्थियों के लिए केंद्र निर्धारित किया गया है।

जिले के भिनगा, इकौना, गिलौला, सिरसिया, जमुनहा, मल्हीपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। निर्धारित केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं आयोजित होंगी। परीक्षा की तैयारियों के तहत केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची में क्षमता से अधिक परीक्षार्थी आवंटित होने का मामला

 उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जारी केंद्रों की सूची में कई स्थानों पर निर्धारित क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र बनाए जाने का मामला सामने आया है। इससे परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। निर्धारित क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों का आवंटन होने पर परीक्षा के दौरान बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर पर्याप्त संसाधन नहीं है। अब यह देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक संशोधन करता है या नहीं।

यूपी बोर्ड परीक्षा 40 केंद्रों पर आपत्ति 28 अक्टूबर तक करें दर्ज

जिला विद्यालय निरीक्षक सतेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिले के 40 प्रस्तावित परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिसकी सूची जिला पोर्टल पर उपलब्ध है। इसे परिषद की वेबसाइट और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के सूचना पट्ट पर देखा जा सकता है। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण या आवंटन पर आपत्ति होने पर विद्यालय प्रबंधक, प्रधानाचार्य, छात्र-छात्राएं और अभिभावक साक्ष्यों सहित निर्धारित प्रारूप में 28 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन प्रत्यावेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके बाद आपत्तियां स्वीकार नहीं होंगी।

यह भी पढ़ें:-
UP Board Examination 2027: लखनऊ में 127 केंद्रों पर होगी यूपी बोर्ड परीक्षा, 10वीं 12वीं एग्जाम सेंटर्स की लिस्ट जारी, आपत्ति दर्ज कराने का दिया मौका

 

संबंधित समाचार