डाइविंग सूट की आवश्यकता

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

साइबोर्ग कॉकरोच को खोज एवं बचाव कार्यो में उपयोग करने का विचार नया नहीं है। वैज्ञानिक कई वर्षो से कॉकरोचों पर छोटे सेंसर, कैमरे और इलेक्ट्रॉनिक नियंत्रक लगाकर, उन्हें संकरे स्थानों में भेजने के प्रयोग कर रहे हैं, लेकिन एक बड़ी समस्या यह थी कि ये कॉकरोच केवल सूखी भूमि पर ही प्रभावी ढंग से काम कर सकते थे। बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों, जलमग्न सुरंगों, सीवर लाइनों या पानी से भरे मलबों में उनका उपयोग सीमित था। इसी समस्या के समाधान के लिए डाइविंग सूट विकसित किया गया। प्रश्न उठता है कि कॉकरोच पानी में अधिक समय तक क्यों नहीं रह सकता?
 
क्योंकि कॉकरोच मछलियों की तरह गलफड़ों (गिल्स) से श्वसन नहीं करता। इसके शरीर के दोनों ओर छोटे-छोटे छिद्र होते हैं जिन्हें स्पाइरैकल्स कहा जाता है। इन्हीं छिद्रों के माध्यम से ऑक्सीजन शरीर के अंदर पहुँचती है। जब कॉकरोच पानी में डूब जाता है तो स्पाइरैकल्स पानी से ढक जाते हैं और ऑक्सीजन का प्रवाह रुक जाता है, जिससे शरीर में कार्बन डाइऑक्साइड जमा होने लगती है।
 
कुछ समय बाद उसका श्वसन तंत्र काम करना बंद कर सकता है। यद्यपि कॉकरोच अन्य कई कीटों की तुलना में अधिक समय तक सांस रोक सकता है, फिर भी वह लंबे समय तक पानी के भीतर सक्रिय नहीं रह सकता। भूकंप, बाढ़, सुनामी या भवन ढहने जैसी घटनाओं में अनेक स्थान पानी से भर जाते हैं। ऐसे वातावरण में संकरी दरारों में पानी जमा हो सकता है। भूमिगत सुरंगें जलमग्न हो सकती हैं। नालियों और पाइपों में पानी भरा हो सकता है। यदि साइबोर्ग कॉकरोच को इन क्षेत्रों में भेजना हो, तो उसे पानी के भीतर भी कार्य करने में सक्षम बनाना आवश्यक है। यही डाइविंग सूट का मुख्य उद्देश्य है।
 
डाइविंग सूट की कार्य प्रणाली
 
सूट में तीन प्रमुख भाग होते हैं, पहला लचीला जलरोधी आवरण, जो कॉकरोच के श्वसन छिद्रों (स्पाइरैकल्स) को पानी से सुरक्षित रखता है। दूसरा, ऑक्सीजन जनरेटर, इसमें हाइड्रोजन पेरॉक्साइड और मैंगनीज डाइऑक्साइड का उपयोग किया जाता है। इनकी रासायनिक अभिक्रिया से ऑक्सीजन उत्पन्न होती है। तीसरा, सूक्ष्म नलिकाएं, जो ऑक्सीजन को सीधे कॉकरोच के श्वसन तंत्र तक पहुंचाती हैं।
 
कॉकरोच ही क्यों चुना गया?
 
साइबोर्ग कॉकरोच परियोजना में वैज्ञानिकों ने अनेक प्रकार के कीटों और छोटे जीवों पर विचार किया, लेकिन अंततः कॉकरोच को सबसे उपयुक्त पाया। इसका कारण केवल उसका छोटा आकार नहीं है, बल्कि उसकी असाधारण शारीरिक क्षमता, सहनशीलता और अनुकूलनशीलता भी है। यही गुण उसे खोज एवं बचाव कार्यों के लिए एक आदर्श जैविक मंच (बायोलाॅजिकल प्लेटफॉर्म) बनाते हैं।
 
1. अत्यंत मजबूत और सहनशील जीव
2. संकरे स्थानों में प्रवेश करने की क्षमता
3. कम ऊर्जा में अधिक कार्य
4. तेज़ गति और फुर्ती
5. इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ अनुकूलता
 
भविष्य की संभावनाएं
 
वैज्ञानिक भविष्य में इन साइबोर्ग कॉकरोचों में इन्फ्रारेड कैमरे, गैस सेंसर, तापमान सेंसर और एआई आधारित नेविगेशन प्रणाली जोड़ने की योजना बना रहे हैं। इससे वे आपदा प्रबंधन, पाइपलाइन निरीक्षण, पर्यावरण निगरानी और अन्य ख़तरनाक क्षेत्रों की खोज में उपयोगी हो सकते हैं।
 
साइबोर्ग कॉकरोच आधुनिक बायो-रोबोटिक्स का एक अद्भुत उदाहरण हैं। नए डाइविंग सूट ने इन्हें केवल भूमि तक सीमित रहने वाले जीव से बदलकर भूमि और जल दोनों में कार्य करने वाले ‘उभयचर साइबोर्ग’ में परिवर्तित कर दिया है। यदि यह तकनीक सफलतापूर्वक विकसित होती रही, तो भविष्य में आपदा क्षेत्रों मंत फंसे लोगों की खोज और बचाव कार्यों में यह महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
 
 
डॉ. इरफान ह्यूमन

 

संबंधित समाचार