डेटा और एआई बदल रहे हैं हमारी थाली का स्वाद

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

क्या आपने कभी सोचा है कि कॉफी और शिमला मिर्च को एक साथ परोसा जा सकता है? या फिर बेकन के साथ केला, चॉकलेट के साथ ब्रोकली और अनानास के साथ स्नो पीज का मेल भी स्वादिष्ट हो सकता है? पहली नजर में ये संयोजन अजीब लग सकते हैं, लेकिन खाद्य विज्ञान और डेटा के नए प्रयोग बता रहे हैं कि स्वाद की दुनिया हमारी पारंपरिक समझ से कहीं ज्यादा बड़ी है। आज दुनिया में ‘कम्प्यूटेशनल गैस्ट्रोनॉमी’ नाम का एक नया क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। इसमें आणविक जीव विज्ञान, डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और भोजन विज्ञान को एक साथ इस्तेमाल किया जा रहा है। इसका उद्देश्य केवल नए और अनोखे स्वाद खोजने तक सीमित नहीं है। इसके जरिए व्यक्तिगत जरूरत के मुताबिक भोजन तैयार करने, पोषण बेहतर करने, टिकाऊ खाद्य विकल्प चुनने और भविष्य में कम कैलोरी वाले नए स्वाद विकसित करने की कोशिश भी हो रही है।

स्वाद के पीछे छिपे अणुओं की खोज

दुबई के फ्रैंक मीट एंड टैप्स में शेफ-मिक्सोलॉजिस्ट 31 वर्षीय बेस्सारोव ग्रिगोरी को हमेशा कुछ नया आजमाने का जुनून रहा है। 2023 में सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए उन्हें FlavorDB के बारे में पता चला। इसके बाद उन्होंने इस डिजिटल डेटाबेस की मदद से ऐसे कई स्वाद संयोजनों को आजमाया, जिनके बारे में उन्होंने पहले कभी नहीं सोचा था। FlavorDB एक ओपन-एक्सेस डिजिटल डेटाबेस है, जो अलग-अलग खाद्य पदार्थों को उनके साझा फ्लेवर मॉलिक्यूल्स यानी स्वाद और खुशबू में योगदान देने वाले वाष्पशील रासायनिक यौगिकों के आधार पर जोड़ता है। उदाहरण के लिए कॉफी और शिमला मिर्च को लें। दोनों का स्वाद अलग है, लेकिन इनके कई फ्लेवर मॉलिक्यूल्स एक जैसे हैं। इसलिए वैज्ञानिक आंकड़ों के आधार पर इनके बीच स्वाद का संबंध खोजा जा सकता है। यह डेटाबेस दिल्ली स्थित इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के शोधकर्ताओं की टीम ने तैयार किया है, जिसका नेतृत्व डॉ. गणेश बागलर ने किया। यह कम्प्यूटेशनल गैस्ट्रोनॉमी के बढ़ते इस्तेमाल का एक प्रमुख उदाहरण है।

कॉफी के साथ केकड़ा भी

FlavorDB में 936 खाद्य सामग्री दर्ज हैं और इनमें करीब 26 हजार फ्लेवर मॉलिक्यूल्स का डेटा शामिल है। कोई व्यक्ति डेटाबेस में कॉफी को चुनकर यह देख सकता है कि उसके साथ कौन-कौन से खाद्य पदार्थ आणविक स्तर पर मेल खाते हैं। मसलन, कॉफी में 269 फ्लेवर मॉलिक्यूल्स हैं, जबकि शिमला मिर्च में 218 दोनों में 78 मॉलिक्यूल साझा हैं। यही वैज्ञानिक जानकारी किसी शेफ को दोनों को एक साथ इस्तेमाल करने का विचार दे सकती है। बात यहीं खत्म नहीं होती। कॉफी के कुछ फ्लेवर मॉलिक्यूल्स केकड़े में भी पाए जाते हैं। यानी डेटा के नजरिए से कॉफी और केकड़े के बीच भी स्वाद का रिश्ता मौजूद है।

ग्रिगोरी ने इस डेटाबेस की मदद से नींबू और व्हाइट चॉकलेट, अनानास और स्नो पीज तथा बर्बन, बेकन और केले जैसे संयोजन खोजे हैं। उनका कहना है कि लोग अक्सर स्वाद के कुछ तय और परिचित संयोजनों के आदी हो जाते हैं, जबकि डेटाबेस उन्हें साझा एरोमा मॉलिक्यूल्स के आधार पर ऐसे विकल्प दिखाता है, जिनके बारे में वे सामान्य तौर पर नहीं सोचते। उनके अनुसार, जब किसी ग्राहक को मटर और अनानास जैसा संयोजन परोसा जाता है तो वह चौंकता जरूर है, लेकिन यही आश्चर्य कई बार उसे पसंद भी आता है।

डेटा रास्ता दिखाता है, फैसला शेफ का

रोम की सैपिएंजा यूनिवर्सिटी की कंप्यूटर साइंस विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर एंड्रिया वितालेत्ती के अनुसार, कम्प्यूटेशनल गैस्ट्रोनॉमी का मकसद शेफ की जगह लेना नहीं है। इसका उद्देश्य विशेषज्ञों को उनकी अपनी समझ और स्वाद संबंधी फैसलों को बेहतर ढंग से समझने के लिए नई जानकारी उपलब्ध कराना है। यानी डेटाबेस यह बता सकता है कि दो चीजों के बीच रासायनिक स्तर पर समानता है, लेकिन उन्हें किस मात्रा में मिलाना है, किस तकनीक से पकाना है और किस ग्राहक को किस तरह परोसना है-यह निर्णय अभी भी इंसान को ही लेना होगा।

ग्रिगोरी भी मानते हैं कि विज्ञान शेफ की भूमिका खत्म नहीं करता, बल्कि उसे और महत्वपूर्ण बनाता है। उनका कहना है कि डेटा संभावनाएं देता है, लेकिन ग्राहक की पसंद, कीमत, स्वाद का संतुलन और प्रस्तुति को समझकर अंतिम निर्णय लेना शेफ का काम है।

बचपन के स्वाद को मिलेट से लौटाया

कम्प्यूटेशनल गैस्ट्रोनॉमी का इस्तेमाल केवल प्रयोगधर्मी शेफ नहीं कर रहे। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के बार्शी के फूड उद्यमी शांतनु पाटील ने इसका इस्तेमाल एक बिल्कुल अलग मकसद के लिए किया। उनकी कंपनी ऑल सो ग्रेट बाजरा और दूसरे मिलेट से चिवड़ा, कुकीज और फ्लेक्स जैसे उत्पाद बनाती है। स्कॉटलैंड में एनवायरनमेंटल फूड एंटरप्रेन्योरशिप की पढ़ाई कर चुके पाटील अपने बचपन के स्वाद को दोबारा बनाना चाहते थे। 1990 के दशक में उन्हें पार्ले-जी की किस्मी मैदा बिस्किट का स्वाद पसंद था। वह चाहते थे कि रागी से ऐसा उत्पाद तैयार किया जाए, जिसमें बचपन के उस स्वाद की झलक मिले। उनका मानना था कि स्थानीय सामग्री का इस्तेमाल करने से कार्बन फुटप्रिंट कम किया जा सकता है। समस्या यह थी कि रागी में एक खास तरह का मिट्टी जैसा स्वाद होता है, जिसे ग्राहकों के लिए अधिक आकर्षक बनाना जरूरी था। अगर वे किशमिश डालते तो लागत बढ़ जाती।

उन्होंने Flavor DB की मदद ली और पाया कि बेक की गई रागी को इलायची या इलायची के तेल के साथ मिलाने पर ऐसा स्वाद तैयार हो सकता है, जो किशमिश की याद दिलाता है। इसके पीछे भी विज्ञान है। रागी को पकाने के दौरान उसमें मौजूद प्राकृतिक कार्बोहाइड्रेट और अमीनो एसिड माइलार्ड रिएक्शन से गुजरते हैं। इससे मीठे, कैरेमल और माल्टी फ्लेवर पैदा होते हैं। इलायची का तेल इसमें फूलों और खट्टेपन जैसे नोट जोड़ता है।

पाटील के लिए सबसे बड़ा फायदा यह रहा कि उन्हें बार-बार प्रयोग नहीं करने पड़े। छोटे कारोबार के लिए शोध एवं विकास पर खर्च काफी महंगा हो सकता है। किसी मौजूदा उत्पाद का विश्लेषण कराने के लिए विशेषज्ञ 20-25 हजार रुपये तक ले सकते हैं। ऐसे में डिजिटल डेटाबेस छोटे खाद्य उद्यमों के लिए उपयोगी साधन बन सकते हैं।

भोजन अब सिर्फ स्वाद नहीं, स्वास्थ्य भी

कम्प्यूटेशनल गैस्ट्रोनॉमी का दायरा स्वाद से आगे बढ़कर स्वास्थ्य तक पहुंच रहा है। बागलर की टीम ने SpiceRx नाम का एक डिजिटल डेटाबेस विकसित किया है। इसमें मसालों और जड़ी-बूटियों को उनके शोध में बताए गए संभावित स्वास्थ्य प्रभावों से जोड़ा गया है। उदाहरण के लिए, डेटाबेस में अदरक के बारे में बताया गया है कि सौ से ज्यादा शोध-पत्रों में मतली के खिलाफ इसके संभावित लाभों की चर्चा की गई है। इस तरह भविष्य में भोजन की योजना सिर्फ इस आधार पर नहीं बनेगी कि उसमें कितनी कैलोरी है, बल्कि यह भी देखा जा सकेगा कि उसमें कौन-कौन से प्रोटीन, अमीनो एसिड और दूसरे आणविक घटक मौजूद हैं। बागलर की टीम के साथ काम कर रहीं नव्या शर्मा के अनुसार, किसी व्यक्ति के रक्त परीक्षण या आनुवंशिक जानकारी को खाद्य पदार्थों और उनके स्वास्थ्य प्रभावों से जोड़कर व्यक्तिगत भोजन योजना तैयार करने की संभावना है। इसका अर्थ है कि भविष्य में भोजन का एक ही मेन्यू हर व्यक्ति के लिए जरूरी नहीं होगा। किसी व्यक्ति की जरूरत, शरीर की स्थिति और जीवनशैली के आधार पर उसके लिए अलग भोजन सुझाया जा सकता है।

- सचिन श्रीवास्तव

 

संबंधित समाचार