सैनिकों के लिए बड़ी सौगात! अब फ्री में कर सकेंगे आजीवन रेल यात्रा, परिवार को भी मिलेगा लाभ, जानिए कब से होगा लागू
रक्षा मंत्रालय ने सेना, नौसेना और वायु सेना पदक (वीरता) विजेताओं को भारतीय रेल में आजीवन यात्रा सुविधा देने का फैसला किया है। पात्र लाभार्थी प्रथम श्रेणी, AC-2 और एसी चेयर कार में यात्रा कर सकेंगे। ऑनलाइन पंजीकरण और इलेक्ट्रॉनिक पास की व्यवस्था होगी तथा टिकट बुकिंग की सुविधा 1 नवंबर 2026 से शुरू होगी।
नई दिल्ली। देश की रक्षा में अदम्य साहस और वीरता का प्रदर्शन करने वाले सैनिकों के सम्मान में रक्षा मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है। सेना पदक, नौसेना पदक और वायु सेना पदक (वीरता) से सम्मानित सैनिकों को भारतीय रेल में आजीवन यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस सुविधा का लाभ वीरता पुरस्कार विजेताओं के जीवनसाथी को भी दिया जाएगा।
विधवा या विधुर को पुनर्विवाह तक मिलेगा लाभ
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, वीरता पुरस्कार विजेता के विधवा या विधुर जीवनसाथी को यह सुविधा पुनर्विवाह तक जारी रहेगी। इसके अलावा ऐसे सैनिकों के माता-पिता को भी इस योजना में शामिल किया गया है, जिन्हें अविवाहित होने की स्थिति में मरणोपरांत वीरता पुरस्कार प्रदान किया गया है।
प्रथम श्रेणी और AC चेयर कार में कर सकेंगे यात्रा
पात्र लाभार्थी भारतीय रेल की प्रथम श्रेणी, द्वितीय वातानुकूलित (AC-2) श्रेणी और एसी चेयर कार में यात्रा कर सकेंगे। सरकार ने इस सुविधा को हासिल करने की प्रक्रिया को भी आसान बनाया है।
पूरी प्रक्रिया होगी डिजिटल और कागज रहित
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि पात्र लाभार्थियों को सुविधा का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। इसके लिए भारतीय रेलवे रियायत कार्ड पोर्टल पर पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। पंजीकरण के बाद सत्यापन और प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी होने पर पात्र लाभार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक यात्रा पास ऑनलाइन जारी किए जाएंगे।इन इलेक्ट्रॉनिक पास के आधार पर टिकट बुक करने की सुविधा 1 नवंबर 2026 से भारतीय रेलवे के आईआरसीसीपी वेब पोर्टल के माध्यम से शुरू होगी।
कागजी औपचारिकताओं से मिलेगी राहत
डिजिटल व्यवस्था लागू होने से लाभार्थियों को यात्रा सुविधा के लिए कागजी प्रक्रिया और अनावश्यक औपचारिकताओं से राहत मिलेगी। ऑनलाइन पंजीकरण, सत्यापन और इलेक्ट्रॉनिक पास की व्यवस्था से पूरी प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाया गया है।
सैनिकों के परिवारों को भी सम्मान
रक्षा मंत्रालय की यह पहल देश की रक्षा के लिए असाधारण साहस दिखाने वाले सैनिकों के साथ उनके परिवारों के योगदान और त्याग को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कई वीर सैनिकों ने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। ऐसे में उनके परिवारों की भूमिका और त्याग को भी इस पहल के जरिए सम्मान दिया गया है।
रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, यह सुविधा केवल रेल यात्रा से जुड़ा लाभ नहीं है, बल्कि वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों के साहस, सेवा और बलिदान के प्रति सम्मान का भी प्रतीक है। डिजिटल व्यवस्था के जरिए पात्र सैनिकों और उनके परिवारों के लिए इस सुविधा का लाभ लेना पहले की तुलना में आसान होगा।
यह भी पढ़ें:-रक्त बनाया नहीं जा सकता... सीएम योगी ने की स्वैच्छिक रक्तदान की अपील; पेशेवर रक्तदान पर जताई चिंता
