Bhai Dooj 2026: भाई दूज पर नमो भारत का बड़ा तोहफा, दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर चलेंगी 32 अतिरिक्त ट्रेनें... हर 10 मिनट में मिलेगी अगली ट्रेन

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

11 नवंबर को एनसीआरटीसी चलाएगा 32 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप, त्योहार पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए लिया फैसला, 10 मिनट से भी कम अंतराल पर मिलेगी ट्रेन

भाई दूज पर मेरठ से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। एनसीआरटीसी 11 नवंबर को दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत की 32 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप चलाएगा। यात्रियों को 10 मिनट से भी कम अंतराल पर ट्रेन मिलेगी।

डिजिटल डेस्क अमृत विचारः भाई दूज पर दिल्ली और मेरठ के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। जी हां, त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या और सड़कों पर संभावित ट्रैफिक जाम को देखते हुए दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन की सेवाओं में इजाफा किया जा रहा है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) 11 नवंबर को 32 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप संचालित करेगा। इससे मेरठ और आसपास के क्षेत्रों से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

10 मिनट से भी कम अंतराल पर मिलेगी ट्रेन

अतिरिक्त ट्रिप शुरू होने से नमो भारत की फ्रीक्वेंसी बढ़ जाएगी। यात्रियों को दो ट्रेनों के बीच 10 मिनट से भी कम का अंतराल मिलेगा। इससे स्टेशनों पर यात्रियों को ज्यादा देर तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। साथ ही ट्रेनों में उपलब्ध सीटों के बढ़ने से त्योहार के दौरान भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

भाई दूज पर सड़कों पर बढ़ सकता है ट्रैफिक

भाई दूज के मौके पर बहनों से मिलने के लिए बड़ी संख्या में लोग एक जगह से दूसरी जगह यात्रा करते हैं। इस बार 11 नवंबर को बुधवार के दिन त्योहार पड़ने से नौकरीपेशा लोगों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की आवाजाही भी जारी रहेगी। ऐसे में मेरठ से दिल्ली और आसपास के शहरों की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए नमो भारत की अतिरिक्त सेवाएं संचालित करने का निर्णय लिया गया है।

दिल्ली पहुंचने के लिए मिलेगा सुविधाजनक विकल्प

अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से मेरठ और दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर के अन्य स्टेशनों पर सफर करने वाले यात्रियों को फायदा होगा। लोग सड़क मार्ग के बजाय तेज और सुविधाजनक नमो भारत सेवा का विकल्प चुन सकेंगे। इससे त्योहार के दौरान जाम से बचने और यात्रा का समय कम करने में भी मदद मिलेगी।

प्रदूषण कम करने में भी मिलेगी मदद

दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की चुनौती के बीच सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है। एनसीआरटीसी पहले से 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप संचालित कर रहा है। अब भाई दूज के लिए 32 अतिरिक्त ट्रिप की व्यवस्था की गई है। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता घटाने और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।

एनसीआरटीसी के मुताबिक, त्योहार के दौरान अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन यात्रियों को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इससे खासतौर पर मेरठ से दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ेंः Govardhan Puja 2026: आज मनाया जा रहा अन्नकूट का पर्व, जानें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और श्रीकृष्ण की कथा

संबंधित समाचार