शहीद एक्सप्रेस में आग : यात्री बोले- जिंदगी भर नहीं भूलेंगे वो 10 मिनट, चश्मदीदों की जुबानी सुनिए आग का खौफनाक मंजर
लपटें उठते ही सामान फेंकने लगे यात्री, ट्रेन रुकने से पहले कई ने लगा दी छलांग; बरेली जंक्शन पर अतिरिक्त कोच में शिफ्ट किए गए यात्री
शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच में नगीना के पास आग लगने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। दीपक और उनका बेटा विवेक झुलस गए। बरेली जंक्शन पर यात्रियों को अतिरिक्त कोच में शिफ्ट किया गया। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
बरेली, अमृत विचार। रात का सन्नाटा, आधी नींद में डूबे यात्री और अचानक उठती आग की लपटें। कुछ ही पलों में शहीद एक्सप्रेस का एस-6 कोच चीख-पुकार और अफरातफरी से भर गया। किसी को अपने बच्चों की चिंता थी तो कोई जान बचाने के लिए सामान तक छोड़ने को तैयार था। लपटें बढ़ती देख यात्रियों ने बैग और कंबल बाहर फेंकने शुरू कर दिए। कुछ यात्री ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही नीचे कूद पड़े। करीब 10 मिनट के इस खौफनाक मंजर ने यात्रियों को इस कदर डरा दिया कि आग बुझने के बाद भी उनके चेहरों पर दहशत साफ नजर आ रही थी।
अमृतसर से बिहार के जयनगर (मधुबनी) जा रही शहीद एक्सप्रेस के एस-6 स्लीपर कोच में शुक्रवार रात करीब 11:15 बजे बिजनौर जिले में नगीना के पास आग लग गई। यात्रियों के अनुसार, सीट नंबर 67 और एसीपी हैंडल के कवर के पास लपटें दिखाई दीं। उस वक्त ज्यादातर यात्री सो रहे थे, जबकि कुछ मोबाइल चला रहे थे। आग दिखते ही कोच में शोर मच गया। लपटें फैलने की आशंका से यात्रियों ने अपना सामान बाहर फेंकना शुरू कर दिया। भगदड़ जैसे हालात बन गए और बच्चों के साथ सफर कर रहे परिवारों की चिंता बढ़ गई।
कुशीनगर के मण्डार बिंदालिया गांव निवासी दीपक अपनी पत्नी पिंकी और दो बेटों के साथ सीट नंबर 66, 67, 69 और 70 पर सफर कर रहे थे। आग की चपेट में आने से दीपक और उनका बेटा विवेक झुलस गए। दीपक के बाएं हाथ और विवेक के हाथ में चोट आई, जबकि विवेक के पीछे के बाल भी झुलस गए। घटना के समय विवेक सीट नंबर 67 पर मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान एसीपी हैंडल के पास आग दिखाई दी। इसके बाद दीपक और परिवार के अन्य सदस्यों ने शोर मचाकर यात्रियों को सतर्क किया।
आग बुझी, लेकिन दहशत बरकरार, एस-6 में बैठने से डरे यात्री
यात्रियों की चीख-पुकार के बीच लोको पायलट ने ट्रेन रोकी तो आरपीएफ, जीआरपी और दमकल टीमों ने मोर्चा संभाला। संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन कोच में फैली दहशत कम नहीं हुई। आग की लपटें देख चुके यात्रियों के मन में दोबारा उसी कोच में बैठने का डर बैठ गया।
शनिवार सुबह करीब पांच बजे शहीद एक्सप्रेस बरेली जंक्शन पहुंची तो यात्रियों ने एस-6 कोच से दूसरे कोच में शिफ्ट करने की मांग की। रेलवे ने अतिरिक्त कोच लगवाकर यात्रियों को उसमें बैठाया। रात में आग की लपटें, चीख-पुकार और जान बचाने के लिए मची भगदड़ देखने वाले यात्री नए कोच में तो पहुंच गए, लेकिन उनके चेहरों पर खौफ साफ झलक रहा था। सफर दोबारा शुरू हो गया था, मगर उन दस मिनट की दहशत उनके जेहन में अब भी ताजा थी।
कोच की तलाशी में मिला पोटाश गन, जांच जारी
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने आग की चपेट में आए सामान और पूरे कोच की गहन तलाशी ली। जांच की वीडियोग्राफी भी कराई गई। अधिकारियों के मुताबिक, एक बैग के पास कागज-पन्नी में लिपटी पोटाश गन मिली है। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। कोच के इलेक्ट्रिक वायर और चार्जिंग पॉइंट की जांच में सब ठीक मिले हैं। झुलसे पिता-पुत्र को उपचार दिया गया। मुरादाबाद में रेलवे अधिकारियों ने भी कोच का निरीक्षण किया है।
मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जीआरपी और आरपीएफ आग लगने की वजह का पता लगाने में जुटी हैं।
वर्जन
शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। एक बैग के पास पोटाश गन मिली है। कोच के इलेक्ट्रिक वायर और चार्जिंग पॉइंट ठीक मिले हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
— महेश यादव, सीनियर डीसीएम, मुरादाबाद मंडल
ये भी पढ़ें- बरेली में आज 23 केंद्रों पर PET, 62 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
