आज यूपीआईटीएस-2026 का आगाज, शाह और योगी करेंगे उद्घाटन

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

2,400 से अधिक प्रदर्शक, 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार लेंगे हिस्सा, ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूजीन’ भी बनेगा आकर्षण

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, उद्यमियों और निर्माताओं को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस)-2026 का चौथा संस्करण शुक्रवार से शुरू होगा। 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होने वाले आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। आयोजकों के अनुसार इस बार 2400 से अधिक प्रदर्शक, 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार, 1.5 लाख से अधिक बीटूबी खरीदार और 4.5 लाख से अधिक सामान्य आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है।

एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी के अनुसार यूपीआईटीएस को कारोबार, निवेश और बाजार विस्तार के बड़े मंच के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस बार ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पार्टनर देश हैं। बीटूबी मैचमेकिंग, नेटवर्किंग और बिजनेस सेशन के जरिए विदेशी खरीदारों, घरेलू कारोबारियों और निवेशकों के बीच सीधे संवाद की व्यवस्था होगी। आयोजकों के मुताबिक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण भी प्राप्त हो चुके हैं। यूपीआईटीएस में कृषि, ऑटोमोबाइल, ईवी, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, फूड प्रोसेसिंग, हैंडलूम-हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, फार्मा, पर्यटन, लेदर, खिलौने, नवीकरणीय ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स और शिक्षा-कौशल समेत कई क्षेत्रों की क्षमता प्रदर्शित होगी। सरकारी योजनाओं, सेक्टोरल नीतियों, निर्यात, क्लस्टर विकास और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी।

पांच दिवसीय आयोजन में नॉलेज सेशन, बिजनेस एंगेजमेंट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव परफॉर्मेंस, फैशन शो और लेजर शो होंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल ट्रेड, फूड प्रोसेसिंग, एमएसएमई और वैश्विक मुक्त व्यापार समझौतों जैसे विषयों पर चर्चा होगी। आयोजकों के अनुसार यूपीआईटीएस का लक्ष्य व्यापार और निवेश के साथ प्रदेश की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, एमएसएमई, ओडीओपी-ओडीओसी, हस्तशिल्प, कृषि, पर्यटन और नवाचार को वैश्विक बाजार से जोड़ना है।

ओडीओपी के साथ ओडीओसी को भी वैश्विक मंच

इस बार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के साथ ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूजीन’ को भी विशेष पहचान दी जाएगी। जिलों के पारंपरिक व्यंजन और खाद्य विरासत के जरिए यूपी की पाक विविधता को वैश्विक खरीदारों और आगंतुकों के सामने रखा जाएगा। यूपीआईटीएस के पिछले संस्करण में 2,228 प्रदर्शक, 525 अंतरराष्ट्रीय खरीदार, 1,40,735 बीटूबी खरीदार और 3,66,364 बीटूसी आगंतुक पहुंचे थे। आयोजकों के अनुसार 2025 संस्करण में 2,400 से अधिक एमओयू हुए, जिनका मूल्य 1,882 करोड़ रुपये था, जबकि 11,200 करोड़ रुपये से अधिक की कारोबारी पूछताछ दर्ज हुई।

यह भी पढ़ें:-PDA Rath Yatra : 2027 के रण के लिए अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा शुरू, रायबरेली में कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

संबंधित समाचार