अब काम की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा! दरियापुर लेबर अड्डे पर मिलेंगे रोजगार से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक के लाभ

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

सुलतानपुर के दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे लेबर अड्डे का दोबारा संचालन शुरू कराया गया है। डीएम इंद्रजीत सिंह ने श्रमिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। यहां श्रमिक पंजीकरण, सरकारी योजनाओं की जानकारी और मेडिकल कैंप की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है।

सुलतानपुरः रोज सुबह काम की तलाश में घर से निकलने वाले श्रमिकों के लिए एक तय ठिकाना अब फिर से तैयार किया जा रहा है। सुलतानपुर में दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे बने लेबर अड्डे का दोबारा संचालन शुरू कराया गया है। सोमवार को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह यहां पहुंचे और मौके पर मौजूद श्रमिकों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने श्रमिकों को शासन की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी। प्रशासन की कोशिश है कि कामगारों को रोजगार की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर भटकने के बजाय एक निर्धारित स्थान पर ही रोजगार और श्रमिक कल्याण से जुड़ी सुविधाएं मिल सकें।

पहले शाहगंज चौराहे पर जुटते थे श्रमिक

दरअसल, श्रमिकों को एक स्थान पर एकत्रित करने और उन्हें रोजगार के साथ स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा श्रम विभाग की योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से कुछ माह पहले दरियापुर ओवरब्रिज के नीचे लेबर अड्डा बनाया गया था।

हालांकि, अड्डा बनाए जाने के बाद भी बड़ी संख्या में श्रमिक काम की तलाश में पुराने ठिकाने शाहगंज चौराहे पर ही जुटते रहे। श्रमिकों की इसी स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अब दरियापुर स्थित लेबर अड्डे का दोबारा संचालन शुरू कराया है।

एक जगह रोजगार, पंजीकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी

प्रशासन की योजना है कि कामगार श्रमिक एक निर्धारित स्थान पर एकत्रित हों। इससे उन्हें रोजगार के अवसरों की जानकारी के साथ-साथ सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना आसान होगा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रमिकों से संवाद करते हुए उन्हें श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में यहां श्रमिकों का पंजीकरण कराया जाएगा और उन्हें अलग-अलग योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

लेबर अड्डे पर लगेगा मेडिकल कैंप

काम की तलाश के साथ श्रमिकों की सेहत का भी ध्यान रखने की तैयारी है। प्रशासन की ओर से यहां मेडिकल कैंप लगाए जाने की व्यवस्था की जा रही है।

इन शिविरों में एक्स-रे मशीन, मोबाइल एंबुलेंस और मोबाइल मेडिकल यूनिट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है। इससे श्रमिकों को स्वास्थ्य जांच के लिए अलग से भटकना न पड़े, ऐसी व्यवस्था विकसित करने की योजना है।

स्थायी श्रमिक केंद्र बनाने की तैयारी

प्रशासन का उद्देश्य दरियापुर के लेबर अड्डे को एक स्थायी श्रमिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। यहां काम की तलाश में आने वाले श्रमिकों को रोजगार संबंधी जानकारी के साथ स्वास्थ्य जांच, श्रमिक पंजीकरण और सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी।

अब देखना यह है कि दोबारा शुरू हुए इस लेबर अड्डे से कितने श्रमिक नियमित रूप से जुड़ते हैं और प्रस्तावित सुविधाएं किस तरह जमीन पर उतरती हैं।

यह भी पढ़ेंः Barabanki News: बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबे तीन बच्चे, तीनों की मौत

संबंधित समाचार