सुलतानपुर के राजेश तिवारी को कांग्रेस ने दी बड़ी जिम्मेदारी, बने प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट, TV डिबेट में रखेंगे पार्टी का पक्ष
सुलतानपुर के राजेश तिवारी को कांग्रेस ने प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट की जिम्मेदारी दी है। वह टीवी डिबेट और मीडिया मंचों पर पार्टी का पक्ष रखेंगे।
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मीडिया विभाग का पुनर्गठन किया है। सुलतानपुर के राजेश तिवारी को प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट बनाया गया है। वह टीवी डिबेट और अन्य मीडिया मंचों पर कांग्रेस का पक्ष रखेंगे।
सुलतानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में अपनी पकड़ मजबूत करने के उद्देश्य से मीडिया विभाग का पुनर्गठन किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य पवन खेड़ा की ओर से जारी नियुक्ति सूची में सुलतानपुर के राजेश तिवारी को प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट की जिम्मेदारी दी गई है।
सूची में प्रदेश प्रवक्ता और प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट के पद अलग-अलग रखे गए हैं। राजेश तिवारी का नाम प्रदेश मीडिया पैनलिस्टों की सूची में शामिल है।नई जिम्मेदारी के तहत वह टीवी डिबेट और अन्य मीडिया मंचों पर कांग्रेस का पक्ष रखेंगे। राजेश तिवारी वर्ष 1999 से कांग्रेस में सक्रिय हैं। वह हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में संगठन और मीडिया से जुड़ी जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
श्रेष्ठ युवा वक्ता का पुरस्कार भी मिल चुका
राष्ट्रीय मीडिया टीम में भी काम कर चुके हैं और पवन खेड़ा के नेतृत्व में विभिन्न राज्यों में राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उन्हें श्रेष्ठ युवा वक्ता का पुरस्कार मिल चुका है और वह राष्ट्रीय ट्रेनर भी रहे हैं। राजेश तिवारी की नियुक्ति से जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, पवन खेड़ा समेत पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।
