राजकीय नर्सेस संघ मनायेगा काला दिवस : सहमति के बाद भी शासनादेश नहीं, यूपी में नर्सेस का फूटा गुस्सा

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

13 सूत्रीय मांगों को लेकर 7 नवंबर को होगा बड़ा प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश में अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर राजकीय नर्सेस संघ का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को भी प्रदेशभर में नर्सों का 2 घंटे का कार्य बहिष्कार जारी रहा, जिससे चिकित्सा सेवाओं पर असर पड़ रहा है। संघ पिछले 27 दिनों से लगातार आंदोलनरत है और अलग-अलग जिलों से विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें सामने आ रही हैं।

लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश राजकीय नर्सेस संघ का बुधवार को भी 2 घंटे का कार्य बहिष्कार जारी रहा। 13 सूत्रीय मांगों को लेकर संघ बीते 27 दिन से लगातार आंदोलनरत है। आरोप है कि नर्सों की मांगों पर शासन ने भी अपनी सहमति दे दी है, बावजूद इसके शासनादेश अभी तक जारी नहीं हुआ है। जिसके कारण नर्सों में आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है, बुधवार को अलग-अलग जिलों से आईं प्रदर्शन की तस्वीरें इस बात की गवाह बन रही हैं। बताया जा रहा है कि सात नवंबर को नर्सेस यूपी में काला दिवस मनायेंगी।

लखनऊ प्रदर्शन
लखनऊ में प्रदर्शन

 

संघ के महामंत्री अशोक कुमार ने बताया कि संघ की तरफ से पूर्व में एक पत्र भेजा गया था, यह पत्र नर्सों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर था, इसी आधार पर सितंबर महीने में शासन स्तर पर बैठक हुई थी। जिसमें नर्सिंग संवर्ग की 13 सूत्रीय मांगों एवं समस्याओं के निराकरण के संबंध में वार्ता हुई, वहीं बैठक में पांच प्रमुख मांगों पर सहमति भी प्रदान की गई थी। इसके बावजूद लगभग एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी संबंधित शासनादेश जारी नहीं किए गए हैं। इससे प्रदेश के नर्सिंग संवर्ग में भारी आक्रोश एवं निराशा व्याप्त है।

मेरठ
मेरठ में प्रदर्शन

 

उन्होंने बताया कि राजकीय नर्सेस संघ के नेतृत्व में 9 अक्टूबर से प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 अक्टूबर को दो घंटे का कार्य बहिष्कार तथा 22 अक्टूबर को लखनऊ स्थित स्वास्थ्य भवन, महानिदेशालय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं पर विशाल धरना-प्रदर्शन एवं घेराव किया गया था। प्रदर्शन के दौरान महानिदेशक द्वारा मांगों के संबंध में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन अभी तक कोई ठोस आदेश जारी नहीं हुआ है।

पीलीभीत
पीलीभीत में प्रदर्शन

 

संघ के महामंत्री ने कहा कि आगामी 7 नवम्बर को प्रदेश के सभी जनपदों के चिकित्सालयों एवं राजकीय मेडिकल कॉलेजों में काला दिवस मनाते हुए शासन की सहमति के बावजूद लंबित पांच मांगों जिस पर शासन की सहमति पत्रों की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेशभर में लगातार दो घंटे का कार्य बहिष्कार भी जारी रहेगा।

अयोध्या
अयोध्या में प्रदर्शन

 

उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ब्रजेश पाठक  तथा शासन के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि नर्सिंग संवर्ग की जायज एवं सहमत मांगों पर तत्काल शासनादेश निर्गत कराए जाएं, जिससे प्रदेश की लाखों जनता को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाले नर्सिंग कर्मचारियों में व्याप्त आक्रोश समाप्त हो सके। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि इसके बाद भी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक एवं निर्णायक रूप दिया जाएगा।

आगरा
आगरा में प्रदर्शन

 

संघ की प्रमुख मांगों में शामिल है :

1. नर्सिंग संवर्ग को गृह जनपद में तैनाती एवं स्थानांतरण की सुविधा।
2. निदेशालय से चिकित्सालय स्तर तक नर्सिंग संवर्ग के उच्च पदों पर पदोन्नति।
3. चिकित्सालयों में नर्सिंग संवर्ग के लिए पालनाघर (क्रेच) की व्यवस्था।
4. उच्च शिक्षा हेतु सवैतनिक अध्ययन अवकाश की सुविधा।
5. उच्चीकृत जिला चिकित्सालयों को मेडिकल कॉलेज में परिवर्तित किए जाने पर कार्यरत नर्सिंग संवर्ग के हितों का संरक्षण एवं उचित तैनाती।

मैनपुरी
मैनपुरी में प्रदर्शन
 
ये भी पढ़ें :Sultanpur News : MLC गोविंद नारायण शुक्ल समेत 7आरोपियों के मामले में दरोगा तलब, कोर्ट ने मांगा जवाब

संबंधित समाचार