Barabanki News : तनुज पुनिया का भाजपा पर हमला, कहा- 10 साल युवाओं को रखा बेरोजगार, अब टैबलेट बांटकर दे रहे लॉलीपॉप

Amrit Vichar Network
On

कांग्रेस सांसद ने योगी सरकार पर साधा निशाना, 2027 में सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर कहा- सीटों का फैसला वरिष्ठ नेता करेंगे

कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने भाजपा सरकार पर युवाओं को रोजगार के नाम पर गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने टैबलेट और नियुक्ति पत्र वितरण को चुनावी कोशिश बताते हुए सपा-कांग्रेस गठबंधन, सीटों के बंटवारे और फोन टैपिंग के मुद्दे पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

बाराबंकी, अमृत विचार। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने भाजपा सरकार पर युवाओं को रोजगार के नाम पर गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दस साल तक युवाओं को बेरोजगार रखने के बाद अब चुनाव नजदीक आते ही टैबलेट और नियुक्ति पत्र बांटकर उन्हें लॉलीपॉप दिया जा रहा है। युवा सरकार की इन कोशिशों को समझ चुका है और उसका भाजपा से मोहभंग हो गया है।

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल से स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के नए चरण की शुरुआत करते हुए करीब 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए। साथ ही तीसरी बार भाजपा सरकार बनने पर युवाओं को नौकरी देने का वादा किया। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद तनुज पुनिया ने भाजपा सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि चुनाव से दो-तीन महीने पहले नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। दस लोगों को नियुक्ति पत्र बांटकर करोड़ों रुपये विज्ञापन पर खर्च किए जा रहे हैं। बेरोजगारी के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों में युवाओं की भागीदारी सरकार के प्रति उनकी नाराजगी को दर्शाती है।

लोकसभा चुनाव में सभी सहयोगी दलों का रहा योगदान

सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए 181 सीटों की मांग का जिक्र किए जाने पर तनुज पुनिया ने कहा कि सीटों को लेकर बातचीत चलती रहती है। कांग्रेस और सपा, दोनों दलों के कार्यकर्ता अपने-अपने नेताओं से सीटों की मांग कर रहे हैं। ऐसे में अपने कार्यकर्ताओं का पक्ष रखना उनका फर्ज है। गठबंधन में सीटों का अंतिम फैसला वरिष्ठ नेता और इसके लिए बनाई गई टीम करेगी।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में मिली सफलता का श्रेय केवल समाजवादी पार्टी को नहीं दिया जा सकता। राहुल गांधी ने संविधान के मुद्दे पर मजबूती से लड़ाई लड़ी, जिसका परिणाम चुनाव में देखने को मिला। गठबंधन के सभी सहयोगी दलों का बराबर योगदान रहा। विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के मुद्दे अलग होंगे और गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा।

फोन टैपिंग और वोट चोरी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

वहीं राहुल गांधी की ओर से फोन टैपिंग के आरोपों पर सांसद ने कहा कि यह मुद्दा नया नहीं है। नेताओं के फोन टैप किए जाते हैं। विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की योजना बनाते ही लोकेशन के आधार पर उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया जाता है या थाने में बैठा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी और फोन टैपिंग जैसे मुद्दों पर विपक्ष अपनी आवाज उठाता रहेगा। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर फिर प्रदर्शन किया जाएगा। जब तक कार्रवाई नहीं होती, यह लड़ाई जारी रहेगी।

 

संबंधित समाचार