Bareilly News: 45 साल की दोस्ती में 2.29 करोड़ की चपत, निरस्त चेक से 39 लाख निकालने की कोशिश
पुरानी दोस्ती में धोखाधड़ी का आरोप, रकम वापस मांगने पर टांडा के जंगल में फिंकवाने की धमकी; एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
बरेली में 2.29 करोड़ रुपये की कथित उधारी और 39 लाख रुपये के निरस्त चेक से भुगतान की कोशिश का मामला सामने आया है। रुद्रपुर के डॉक्टर पर धोखाधड़ी और धमकी देने का आरोप, इज्जतनगर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट।
पीलीभीत बाईपास रोड स्थित सैफायर अपार्टमेंट निवासी डॉ. राजकुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि डॉ. अजय अग्रवाल उनके करीब 45 साल पुराने मित्र हैं। आरोप है कि अजय ने कृषि व्यवसाय और व्यक्तिगत कर्ज चुकाने की जरूरत बताकर अलग-अलग समय पर उनसे 2,29,95,720 रुपये उधार लिए। यह रकम उन्होंने अपने आईडीबीआई बैंक खातों से आरटीजीएस और यूपीआई के माध्यम से भेजी थी।
शिकायत के मुताबिक, मई में अजय ने उत्तराखंड हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए विश्वविद्यालय की फीस जमा करने के लिए मदद मांगी। इसके लिए 39,24,050 रुपये का चेक उधार लिया। चेक भरते समय उस पर ओवरराइटिंग हो गई थी। आरोप है कि अजय ने चेक की फोटो खींचकर उन्हें व्हाट्सएप पर भेजी और दो जून को मैसेज कर नया चेक देने को कहा।
डॉ. राजकुमार ने नया चेक देने से मना कर दिया और पुराना चेक वापस मांगा। इस पर अजय ने कथित तौर पर बताया कि ओवरराइटिंग वाला चेक फाड़कर नष्ट कर दिया है। लेकिन 15 सितंबर को उन्हें आईडीबीआई बैंक से ईमेल मिला कि अजय ने उसी पुराने चेक को भुगतान के लिए बैंक में लगा दिया है। इस पर उन्होंने आपत्ति जताई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उन्होंने उधार दी गई रकम वापस मांगी तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने और टांडा के जंगल में फिंकवाने की धमकी दी। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
