Lakhimpur Kheri News: घर के बाहर खेल रहे आठ साल के अमित को उठा ले गया तेंदुआ, गन्ने के खेत में मिला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

खीरी के टापरपुरवा में घटना से दहशत, तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने लगाए पिंजरे और जाल

लखीमपुर खीरी के टापरपुरवा में घर के बाहर खेल रहे आठ वर्षीय अमित को तेंदुआ उठा ले गया। गन्ने के खेत में बच्चे का शव मिला। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे और जाल लगाए।

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। लखीमपुर खीरी के चफंदी गांव के मजरा टापरपुरवा में घर के बाहर खेल रहे आठ वर्षीय बच्चे को तेंदुआ उठा ले गया। परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की तो करीब एक घंटे बाद घर से लगभग एक किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में बच्चे का अधखाया शव मिला। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे और जाल लगाकर तलाश शुरू कर दी है।
 
टापरपुरवा निवासी विनोद कुमार का आठ वर्षीय बेटा अमित कुमार मंगलवार शाम करीब सात बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने बच्चे को जबड़े में दबोच लिया और खेत की ओर ले गया। बच्चे की मां के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए और उसकी तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और चौकी पुलिस भी पहुंच गई।
 

करीब एक घंटे की तलाश के बाद घर से लगभग एक किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में अमित का अधखाया शव मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए गन्ने के खेतों में पिंजरे और जाल लगाए हैं।

ये भी पढ़ें- बरेली-मुरादाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव में फिर फहरा भगवा, डॉ. हरीसिंह ढिल्लो 17676 वोटों से जीते

संबंधित समाचार