Bareilly News: बरेली में 18 नवंबर से सजेगा खादी और स्वदेशी उत्पादों का बाजार, 10 दिन चलेगी स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी
पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में 10 दिन चलेगी प्रदर्शनी, माटी कला के कारीगर और स्वयं सहायता समूह भी लगाएंगे स्टॉल
बरेली में 18 से 27 नवंबर तक पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी आयोजित होगी। इसमें खादी, ग्रामोद्योग, माटी कला और स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद बिक्री और प्रदर्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
बरेली, अमृत विचार। शहरवासियों को एक ही जगह खादी, स्वदेशी और हस्तशिल्प के उत्पादों की खरीदारी का मौका मिलेगा। 18 नवंबर से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी शुरू होगी। 27 नवंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में खादी और ग्रामोद्योग से जुड़ी इकाइयों के साथ माटी कला के कारीगर और स्वयं सहायता समूह भी अपने उत्पादों के स्टॉल लगाएंगे। यहां लोगों को खादी के कपड़ों, मिट्टी से बने आकर्षक बर्तनों और हस्तनिर्मित वस्तुओं की खरीदारी का अवसर मिलेगा।
प्रदर्शनी के जरिये स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों की पहचान बढ़ाने के साथ उन्हें सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का मंच भी मिलेगा। उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना और इनसे जुड़े कारीगरों एवं इकाइयों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और बिक्री का मंच उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े उत्पादों को एक स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है, जिससे लोगों को खरीदारी के साथ स्थानीय कला और शिल्प को करीब से जानने का मौका मिल सके। प्रदर्शनी के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से आयोजन को मनोरंजक और आकर्षक बनाने की तैयारी है।
