Bareilly News: भ्रष्टाचार दिखे तो चुप न रहें, सीधे लोकायुक्त से करें शिकायत
लोकायुक्त प्रशासन के अस्थायी शिविर में संयुक्त सचिव ने कहा- जीरो टॉलरेंस की नीति को व्यवस्था में उतारना जरूरी
बरेली कलेक्ट्रेट में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत लोकायुक्त प्रशासन का अस्थायी शिविर लगा। संयुक्त सचिव राजेश कुमार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आमजन की भागीदारी और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
बरेली, अमृत विचार। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई सिर्फ अधिकारियों और कर्मचारियों के भरोसे नहीं जीती जा सकती। इसके लिए आमजन की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। हर नागरिक को भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते हुए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। यह बात मंगलवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत कलेक्ट्रेट में आयोजित लोकायुक्त प्रशासन के अस्थायी शिविर में संयुक्त सचिव राजेश कुमार ने कही।
उन्होंने कहा कि लोकायुक्त संस्था का उद्देश्य सरकारी कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और शुचिता बनाए रखना है। संस्था लोक सेवकों के खिलाफ भ्रष्टाचार, कदाचार और पद के दुरुपयोग से जुड़ी शिकायतों की जांच करती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जीरो टॉलरेंस की नीति केवल नारा बनकर नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रशासनिक व्यवस्था में प्रभावी ढंग से लागू करना होगा।
संयुक्त सचिव ने बताया कि भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें लोकायुक्त कार्यालय, टीसी-46 वी-1, गोमती नगर, लखनऊ में दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके अलावा लोकायुक्त प्रशासन की वेबसाइट के माध्यम से भी शिकायत करने की सुविधा उपलब्ध है। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त सचिव राजेश कुमार ने की। इस दौरान समीक्षा अधिकारी अश्विनी पाठक भी मौजूद रहे।
