Bareilly News: बरेली के गांवों तक पहुंचेगी विकास की रफ्तार, 80 सड़कों का होगा कायाकल्प
पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय और निर्माण खंड ने शुरू कराए काम, 100 करोड़ रुपये से अधिक होंगे खर्च; कई मार्गों पर निर्माण तेज
बरेली के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें जल्द नई सूरत में नजर आएंगी। पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय और निर्माण खंड की ओर से 80 सड़कों का निर्माण और नवीनीकरण कराया जा रहा है। इन कार्यों पर 100 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।
प्रांतीय खंड की 40 सड़कों पर करीब 60 करोड़ रुपये और निर्माण खंड की 40 सड़कों पर लगभग 40 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनमें अधिकांश सड़कें वित्त वर्ष 2026-27 की मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई जा रही हैं। बजट आवंटन और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित मार्गों पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है।
रिठौरा-बहेड़ी, स्मृता प्रवीन, मीरगंज-नरखेड़ा और बिलपुर से निवड़िया भगवंतपुर तक सड़क निर्माण का काम शुरू हो चुका है। इसके अलावा बरेली-बसंतपुर-खरगपुर और बल्लूपुरा-चंदनखेड़ा मार्ग पर भी काम कराया जा रहा है। वहीं, खेरी महमूदपुर मार्ग पर कंकरखेड़ा मटिया से सिरगवांपुर तक खड़ंजे का नवीनीकरण होना है। रामपुर सेना से गंगापुर तक भी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। काम पूरा होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और बदहाल रास्तों से राहत मिलेगी।
