Balrampur Rain News : आंधी-बारिश बनी आफत, पेड़ गिरने से मां-बेटे समेत चार की मौत, रविवार को हल्की धूप से मिली राहत
कहीं घर पर गिरा पेड़ तो कहीं बाइक सवारों पर टूटकर गिरा आम का पेड़, कई घायल; ग्रामीण इलाकों में तीन दिन से अंधेरा, बिजली विभाग की टीमें जुटीं
बलरामपुर में तीन दिन तक चली बारिश और तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई। अलग-अलग घटनाओं में पेड़ गिरने से मां-बेटे समेत पांच लोगों की मौत हुई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। बिजली के पोल और तार टूटने से ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 72 घंटे और जिला मुख्यालय के कई हिस्सों में लगभग 60 घंटे से बिजली आपूर्ति प्रभावित है।
बलरामपुर, अमृत विचार। बलरामपुर में लगातार तीन दिन से जारी बारिश और तेज आंधी जिलेवासियों के लिए आफत बन गई। अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने से मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। आंधी से बिजली के पोल और तार टूटने के कारण बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है।
ग्रामीण इलाकों में करीब 72 घंटे और जिला मुख्यालय पर लगभग 60 घंटे बीतने के बाद भी कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। हालांकि बिजली विभाग की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रही हैं और आपूर्ति बहाल करने का प्रयास जारी है। रविवार को बारिश थमने के साथ हल्की धूप निकली तो लोगों को कुछ राहत मिली।
देहात कोतवाली क्षेत्र के कलंदरपुर गांव में तेज आंधी के दौरान घर के पीछे खड़ा भारी आंवले का पेड़ दीवार पर गिर गया। पेड़ के गिरने से दीवार भरभराकर घर के अंदर जा गिरी। उस समय घर में मौजूद 50 वर्षीय प्रेम नारायण शुक्ल और उनकी 80 वर्षीय मां चंपा देवी मलबे में दब गए। दोनों के सिर में गंभीर चोट आई।
प्रधान विजय कुमार शुक्ल और परिवारजन उन्हें जिला मेमोरियल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। गंगापुर वीरपुर गांव निवासी 66 वर्षीय प्रानपती पत्नी पाटेश्वरी की भी पेड़ गिरने से दबकर मौत हो गई। वहीं उतरौला क्षेत्र के जिगना गांव निवासी रेनू पत्नी राम उजागर की पेड़ की चपेट में आने से जान चली गई।

रेहरा बाजार क्षेत्र के सकड़रिया गांव निवासी 35 वर्षीय इमरान और 34 वर्षीय खालिद रजा शनिवार सुबह बाइक से गोंडा जा रहे थे। खालिद को दवा लेनी थी। दोनों कुतुबगंज बाजार के पास पहुंचे ही थे कि सड़क किनारे खड़ा आम का पेड़ अचानक उनकी बाइक पर गिर गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इमरान मुंबई में सोफा बनाने का काम करते थे, जबकि खालिद रजा वहां पान की दुकान चलाते थे। दोनों कुछ समय पहले ही मुंबई से गांव लौटे थे। दोनों का विवाह भी एक ही गांव की सगी रिश्तेदारी में हुआ था।
इमरान तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में पत्नी गुड़िया, 14 वर्षीय बेटी सानिया, आठ वर्षीय जोया, डेढ़ वर्षीय बेटा हमजा और बुजुर्ग मां अमीरुननिशा हैं। खालिद चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में पत्नी शमा, 10 वर्षीय बेटी अनुमता और पांच वर्षीय बेटा हसनैन हैं। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। पिता मो. हाशिम और मां ताजम का रो-रोकर बुरा हाल है।
पचपेड़वा क्षेत्र के मतईडीह निवासी 55 वर्षीय रामपाल यादव उर्फ घिरें शुक्रवार रात दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। वह जुड़ीकुइयां में शाहबाज प्रधान के कांप्लेक्स में कॉस्मेटिक की छोटी दुकान चलाते हैं। बरगदवा-मोतीनगर मुख्य मार्ग पर फजले रहमानिया इंटर कॉलेज के पीछे सड़क किनारे खड़ा भारी यूकेलिप्टस का पेड़ अचानक उनके ऊपर गिर गया। रामपाल पेड़ के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। परिजन निजी एंबुलेंस से उन्हें उपचार के लिए लखनऊ ले गए, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। रामपाल भाजपा बूथ अध्यक्ष रत्तीराम यादव के छोटे भाई हैं।
देहात कोतवाली क्षेत्र के हरहटा गांव निवासी विनोद पुत्र घनश्याम भी पेड़ गिरने से घायल हो गए। उनका उपचार सीएचसी नंदनगर में चल रहा है। हरैया सतघरवा के ललिया क्षेत्र स्थित बजरडीह गांव में शनिवार शाम तेज आंधी के दौरान बिजली का पोल गिरने से पूर्व प्रधान प्रमोद पासवान घायल हो गए। हादसे में उनके सिर और कंधे में चोट आई। उन्हें जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पोल गिरने और बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने से आसपास के क्षेत्रों में भी आपूर्ति प्रभावित हुई है।
72 घंटे से कई गांवों में बिजली गुल
आंधी और बारिश से बिजली विभाग के सामने भी चुनौती खड़ी हो गई है। जगह-जगह पेड़ और बिजली के पोल गिरने तथा तार टूटने से आपूर्ति बाधित हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों के कई हिस्सों में करीब 72 घंटे से बिजली नहीं आई है। जिला मुख्यालय पर भी लगभग 60 घंटे बाद कई इलाकों में आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी है। बिजली नहीं होने से घरों के साथ दुकानों और अन्य जरूरी कामकाज भी प्रभावित हैं। बिजली विभाग की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पेट्रोलिंग कर क्षतिग्रस्त लाइनों और पोल को दुरुस्त करने में जुटी हैं। विभाग की ओर से आपूर्ति जल्द बहाल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
आकाशीय बिजली और बारिश से भी नुकसान
आपदा विशेषज्ञ के अनुसार आकाशीय बिजली, तेज बारिश और आंधी से जिले में कई स्थानों पर नुकसान हुआ है। बिजली गिरने से तीन झोपड़ियां और एक पक्का मकान क्षतिग्रस्त हुआ है। अत्यधिक बारिश से एक झोपड़ी, एक कच्चा मकान और एक टिन शेड गिर गया। आंधी-तूफान में एक पक्का मकान और कुछ झोपड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। रविवार को मौसम खुलने और हल्की धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली। लगातार बारिश से गीले हुए रास्तों और घरों के आसपास भी धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली।
यह भी पढ़ें:-AYUSH Sector Economic Contribution: आयुष सेक्टर की रफ्तार तेज, 2047 तक 318 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान
