Chhath Puja 2026: छठ पर घर लौटने वालों के लिए रेलवे का बड़ा इंतजाम, 214 स्पेशल ट्रेनें चला रहा पूर्वोत्तर रेलवे

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

2044 फेरे लगाएंगी विशेष ट्रेनें, गोरखपुर जंक्शन पर बनाए गए चार वेंडिंग जोन; आरपीएफ-जीआरपी और बिहार पुलिस संभाल रही सुरक्षा की जिम्मेदारी

छठ पर्व पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे 214 स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। गोरखपुर जंक्शन पर चार वेंडिंग जोन, पेयजल, टिकट काउंटर और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

गोरखपुर: छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे 214 स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है। ये ट्रेनें कुल 2044 फेरे लगाएंगी। इसके साथ ही स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और यात्रियों की सुविधाओं को लेकर भी व्यवस्था की गई है।

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर जंक्शन पर दूरदराज से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए चार वेंडिंग जोन बनाए गए हैं। यहां यात्रियों के बैठने और आराम करने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा अनारक्षित टिकट काउंटर, कूलर और निशुल्क पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसका उद्देश्य ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर होने वाली भीड़ और परेशानी से राहत देना है।

स्टेशन पर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात

छठ के दौरान यात्रियों की भारी आवाजाही को देखते हुए गोरखपुर जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवानों को स्टेशन परिसर में तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में बिहार पुलिस की टीम भी सहयोग कर रही है।

इसके अलावा स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए यात्रियों की आवाजाही और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

छठ पर घर लौटते हैं दूसरे शहरों में काम करने वाले लोग

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सुमित कुमार ने बताया कि रोजगार के सिलसिले में दूसरे शहरों में रहने वाले लोग छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में अपने घर लौटते हैं। छठ लोगों की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां की हैं।

उन्होंने कहा कि रेलवे की कोशिश है कि प्रत्येक यात्री सुरक्षित और समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सके।

स्पेशल ट्रेनों के बावजूद नियमित गाड़ियों में भारी भीड़

रेलवे की ओर से 214 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किए जाने के बावजूद नियमित ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। यात्रियों की पहली पसंद अब भी नियमित ट्रेनें बनी हुई हैं। इसका असर काठगोदाम से गोरखपुर और बिहार के सिवान होते हुए हावड़ा जाने वाली बाघ एक्सप्रेस में भी दिखाई दे रहा है।

ट्रेन में भीड़ इतनी अधिक है कि यात्रियों को बाथरूम और गेट के पास खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया। जवानों ने ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।

यह भी पढ़ेंः Chhath Puja 2026: छठ पर क्यों खाया जाता है कद्दू-भात? जानें नहाय-खाय से पारण तक की हर परंपरा