Chhath Puja 2026: डीएम का आदेश UP में लगातार दो दिन स्कूल बंद
गोरखपुर, गाजीपुर और कुशीनगर समेत कई जिलों में 16 नवंबर को रहेगा अवकाश, लगातार दो दिन बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। रविवार की छुट्टी के साथ छात्रों को दो दिन का ब्रेक मिलेगा।
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के स्कूली बच्चों और अभिभावकों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर प्रदेश के कई जिलों के जिला प्रशासन ने बड़ा ऐलान करते हुए 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को स्थानीय अवकाश घोषित किया है। चूंकि 16 नवंबर को सोमवार है और उससे ठीक एक दिन पहले 15 नवंबर को रविवार का साप्ताहिक अवकाश है, इसलिए छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को लगातार दो दिनों की छुट्टी का पूरा लाभ मिलेगा।
इन जिलों में रहेगा स्कूलों का अवकाश
जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों के अनुसार, गोरखपुर में जिलाधिकारी के निर्देश पर 16 नवंबर 2026 को जिले के सभी प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के माध्यमिक विद्यालय, सीबीएसई (CBSE), आईसीएससी (ICSE) और अन्य सभी बोर्डों के शिक्षण संस्थान पूरी तरह बंद रहेंगे। इसी तरह गाजीपुर, कुशीनगर और कई अन्य जिलों में भी स्थानीय प्रशासन एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा छठ पर्व पर अवकाश के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि परिषदीय, सहायता प्राप्त, स्व-वित्त पोषित और मान्यता प्राप्त सभी विद्यालयों में इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। लगातार दो दिन स्कूल बंद रहने से बच्चों और शिक्षकों में खुशी की लहर है, जिससे परिवार के लोग बिना किसी भागदौड़ और तनाव के पूरी श्रद्धा व उल्लास के साथ छठ महापर्व के अनुष्ठान संपन्न कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें:-
