UP Politics: चुनाव हारते ही कांग्रेस को याद आता है वोट चोरी का मुद्दा, राहुल गांधी पर बरसे ब्रजेश पाठक

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

कानपुर में भाजपा की पदयात्रा के दौरान डिप्टी सीएम ने कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना, एसआईआर से लेकर आंबेडकर और संविधान तक के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा

कानपुर में भाजपा की पदयात्रा के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधा। एसआईआर, वोट चोरी, आंबेडकर और संविधान के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा।

कानपुरः उत्तर प्रदेश में सियासी बयानबाजी के बीच भाजपा की पदयात्रा के जरिए बुधवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में पार्टी ने अपनी राजनीतिक सक्रियता दिखाई। पदयात्रा में शामिल होने पहुंचे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने के बाद नया बहाना लेकर सामने आती है। कभी ईवीएम तो कभी वोट चोरी का मुद्दा उठाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस और इंडी गठबंधन को बार-बार जवाब दे चुकी है।

एसआईआर के समर्थन में क्या बोले डिप्टी सीएम?

ब्रजेश पाठक ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का समर्थन करते हुए कहा कि वोटर लिस्ट का शुद्धिकरण जरूरी है। राहुल गांधी के बयानों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि लाखों मतदाताओं के पते बदल चुके हैं, करोड़ों लोग दूसरे स्थानों पर जा चुके हैं और बड़ी संख्या में मृतकों के नाम अब भी मतदाता सूची में दर्ज हैं। कई मतदाता अपने पते पर भी नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया का विरोध क्यों किया जा रहा है?

डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने के लिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण का विरोध कर रही है।

आंबेडकर और संविधान के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

उप मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी एसआईआर के विरोध के नाम पर संविधान की भावना का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक इतिहास में बाबा साहब को उचित सम्मान नहीं दिया और उनके खिलाफ चुनाव में धनबल का इस्तेमाल किया।

ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस पर संविधान में बार-बार संशोधन करने और आपातकाल लगाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने का आरोप भी लगाया।

सपा शासन को लेकर भी लगाए आरोप

डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि 2012 में अखिलेश यादव सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में अयोध्या, लखनऊ और वाराणसी में हुए आतंकी हमलों के आरोपियों के मुकदमे वापस लेने की कोशिश की गई थी।

उन्होंने कहा कि 2017 से पहले कानपुर और आसपास के जिलों में गुंडे-माफिया हावी थे। उनके मुताबिक, सपा सरकार के दौरान जमीनों और मकानों पर कब्जे की घटनाएं होती थीं। इसी संदर्भ में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा का नारा था- 'खाली प्लाट हमारा है।'

अखिलेश के चुनाव नहीं लड़ने वाले बयान पर भी तंज

अखिलेश यादव के बिना चुनाव लड़े मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले बयान पर भी ब्रजेश पाठक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव चुनाव में हार के डर की वजह से इस तरह की बातें कर रहे हैं।

यह भी पढ़ेंः

संबंधित समाचार