Dev Deepawali 2026: 11 लाख दीपों से आलोकित होंगे काशी के घाट, नदी में पहली बार नावों के लिए बनेगा टू-वे लेन सिस्टम
20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव का आयोजन, लेजर व ड्रोन शो के साथ होगी ग्रीन आतिशबाजी, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर भव्य दीपोत्सव
वाराणसी में 24 नवंबर को मनाई जाने वाली देव दीपावली पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व व्यवस्थाओं के निर्देश दिए।
लखनऊ,अमृत विचार: देव दीपावली के पावन पर्व पर इस बार धर्म नगरी काशी के घाट 11 लाख से अधिक दीपों की रोशनी से जगमगा उठेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में आगामी गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जबकि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भव्य देव दीपावली मनाई जाएगी।
घाटों से लेकर शहर के 100 कुंडों और प्रमुख मंदिरों तक दिखेगी दीपोत्सव की छटा
अधिकारियों ने समीक्षा बैठक में बताया कि इस बार काशी के सभी पक्के घाटों, गंगा के पार रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर भव्य रूप से दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इस महाआयोजन में स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए पारंपरिक मिट्टी के दीप भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि दीपोत्सव की आभा केवल गंगा घाटों तक ही सीमित न रहे, बल्कि सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव, शूलटंकेश्वर मंदिर और शहर के प्रमुख कुंडों में भी विशेष धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन किए जाएं। इसके साथ ही, 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती होने के मद्देनजर शहर के गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
लेजर शो, ड्रोन शो और ग्रीन आतिशबाजी बिखेरेंगे आकर्षण
देव दीपावली की शाम श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण के केंद्र तैयार किए जा रहे हैं। 24 नवंबर की शाम दशाश्वमेध घाट पर होने वाली विश्व प्रसिद्ध महाआरती के बाद चेत सिंह घाट पर भव्य प्रोजेक्शन और लेजर शो का आयोजन होगा। वहीं, दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने आसमान में शानदार ड्रोन शो देखने को मिलेगा, जबकि काशी विश्वनाथ धाम के सामने पर्यावरण के अनुकूल ग्रीन आतिशबाजी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने गंगा महोत्सव के मंच पर स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के भी सख्त निर्देश दिए हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: पहली बार नावों के लिए बनेगा टू-वे लेन सिस्टम
आयोजन के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए संपूर्ण घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा और निगरानी के लिए 27 वॉच टावर, ड्रोन कैमरे, क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), गोताखोर और 11 खोया-पाया केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जबकि पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से लगातार गश्त करेगी। जल यातायात को सुगम बनाने के लिए नदी में नमो घाट से अस्सी घाट तक फ्लोटिंग जेट्टी के माध्यम से पहली बार 'टू-वे लेन सिस्टम' तैयार किया गया है। जल सुरक्षा के लिहाज से एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वॉटर एंबुलेंस की भी तैनाती रहेगी।
यातायात डायवर्जन और विशेष स्वच्छता अभियान
शहर को जाम से बचाने के लिए प्रशासन ने सात बाहरी डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल चिन्हित किए हैं। इसके अतिरिक्त, 20 से 25 नवंबर तक पूरे शहर और घाट क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत दीपदान संपन्न होने के तुरंत बाद घाटों की सफाई सुनिश्चित कराई जाएगी। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देव दीपावली काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ उसके आतिथ्य और प्रशासनिक क्षमता का भी प्रतीक है, इसलिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और अविस्मरणीय अनुभव मिलना ही इस आयोजन की मुख्य प्राथमिकता होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें:
