Diwali से पहले लखनऊ को मिलेगा बड़ा तोहफा, 25 मीटर ऊंचा 1.1 किमी लंबा फ्लाईओवर होगा चालू
पुराने लखनऊ की लगभग 10 लाख की आबादी को बड़ा लाभ मिलेगा
दीवाली से पहले शहरवासियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। शहर का सबसे ऊंचा फ्लाईओवर जल्द ही यातायात के लिए शुरू किया जाएगा। करीब 25 मीटर की ऊंचाई पर बना यह 1.1 किलोमीटर लंबा और 2-लेन फ्लाईओवर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद करेगा। फ्लाईओवर के शुरू होने से वाहन चालकों को जाम से राहत मिलने और आवागमन आसान होने की उम्मीद है।
लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ विकास प्राधिकरण का ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तहत बन रहा लखनऊ का सबसे ऊंचा फ्लाईओवर दीवाली से पहले चालू हो जाएगा। इससे डालीगंज से पक्का पुल तक आने जाने में महज दो मिनट लगेंगे। फ्लाईओवर के शुरू होने से पक्का पुल से समतामूलक चौराहे तक सीधा आवागमन होगा और पुराने लखनऊ की लगभग 10 लाख की आबादी को बड़ा लाभ मिलेगा।
मंगलवार को उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने परियोजना का निरीक्षण किया। बताया कि पक्का पुल (हर्डिंग ब्रिज) से डालीगंज रोटरी के मध्य बना यह 2-लेन फ्लाईओवर 1.1 किलोमीटर लंबा है। रेलवे ब्रिज के ऊपर बने इस फ्लाईओवर की जमीन से ऊंचाई लगभग 25 मीटर है। फ्लाईओवर के स्ट्रक्चर का निर्माण पूरा हो चुका है और मौके पर डामरीकरण एवं स्ट्रीट लाइट्स का कार्य चल रहा है। सितंबर के अंत तक अवशेष कार्य पूर्ण कराकर दीवाली से पहले चालू करने की योजना है। निरीक्षण में पीआईयू के प्रभारी एके सिंह सेंगर, जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार एवं मनोज सागर समेत अन्य अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।
इंटीग्रेटेड रोटरी से दौड़ेगा यातायात, पक्का पुल पेडेस्ट्रियन ब्रिज
उपाध्यक्ष ने फ्लाईओवर पर चढ़ने व उतरने वाले यातायात को सुरक्षित और सुगम रास्ता देने के लिए इंटीग्रेटेड रोटरी बनाने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत टीले वाली मस्जिद के पास एक नई रोटरी बनेगी। वहीं, मरी माता मंदिर के पास पूर्व निर्मित रोटरी को री-मॉडल करके वाहनों के लिए 4-लेन पैसेज तैयार किया जाएगा। आईआईटी बीएचयू व वीएनआईटी नागपुर की संयुक्त टीम द्वारा सर्वे कराकर इंटीग्रेटेड रोटरी की ड्राइंग तैयार कराई है।
वहीं, सेतु निगम द्वारा पक्का पुल के पास गोमती नदी पर नया ब्रिज बनाया जा रहा है। इस ब्रिज के चालू होने के बाद पक्का पुल पर वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। पक्का पुल को पैदल यात्रियों के लिए पेडेस्ट्रियन ब्रिज के रूप में उपयोग में लाने का प्रस्ताव है।
