UP Politics : गोपालकों को अपशब्द कहना भगवान श्रीकृष्ण का अपमान, सीएम योगी के भैंस चराने वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार

Amrit Vichar Network
On

सपा अध्यक्ष ने एक्स पर लंबी पोस्ट लिखकर मुख्यमंत्री पर साधा निशाना, 2027 का चुनाव 5 प्रतिशत बनाम 95 प्रतिशत PDA की लड़ाई बताया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भैंस चराने वाले बयान पर अखिलेश यादव ने पलटवार किया है। सपा अध्यक्ष ने भगवान श्रीकृष्ण के अपमान का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को भाषा की मर्यादा बनाए रखने की नसीहत दी। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार और PDA का जनाधार 95 प्रतिशत होने का दावा किया।

लखनऊ, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भैंस चराने वाले बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर पलटवार करते हुए उन पर भगवान श्रीकृष्ण और भगवान राम का अपमान करने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि सनातनी वस्त्र पहनकर निम्नस्तरीय भाषा नहीं बोलनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री जितना बुरा बोलेंगे, 2027 के विधानसभा चुनाव में उतनी ही बुरी हार का सामना करना पड़ेगा।

गोपालकों को अपशब्द कहना भगवान श्रीकृष्ण का अपमान

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबी पोस्ट लिखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गोपालकों को अपशब्द कहकर प्रकारांतर से भगवान श्रीकृष्ण का अपमान किया गया है, जो अक्षम्य है। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की भाषा और व्यवहार से पहले भी भगवान राम, भगवान शिव और देवी अहिल्याबाई होल्कर का अपमान हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री न भगवान शिव के सगे हैं, न भगवान राम और न ही भगवान श्रीकृष्ण के।

सनातनी वस्त्र पहनकर निम्नस्तरीय भाषा न बोलें

अखिलेश ने मुख्यमंत्री को भाषा की मर्यादा बनाए रखने की नसीहत देते हुए कहा कि सनातनी वस्त्र पहनकर इतनी निम्नस्तरीय भाषा नहीं बोलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक संवैधानिक पद पर भी बैठे हैं, इसलिए सार्वजनिक मर्यादा और पद की प्रतिष्ठा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि हार की आशंका से बड़े-बड़े लोग विचलित हो जाते हैं और भाषाई मर्यादा भूलकर शाब्दिक अराजकता पर उतर आते हैं। अखिलेश ने मुख्यमंत्री के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि पत्रकारों, अधिकारियों और अन्य लोगों के प्रति भी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया जाता रहा है।

3

2027 में हमेशा के लिए हारेंगे

सपा अध्यक्ष ने अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री पर चुनावी हार की आशंका से परेशान होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2024 और 2026 की हार से वे डर गए हैं, इसलिए उनके बोल बिगड़ गए हैं। अखिलेश ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री को जीत का भरोसा होता तो वे विपक्ष की बजाय अपनी सरकार और उपलब्धियों की बात करते।

अखिलेश का दावा- 85 से बढ़कर 95 प्रतिशत हुआ PDA का जनाधार

अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को 5 प्रतिशत अहंकारियों, वर्चस्ववादियों और प्रभुत्ववादियों बनाम 95 प्रतिशत PDA के बीच की लड़ाई बताया। उन्होंने दावा किया कि पीडीए का जनाधार 85 प्रतिशत से बढ़कर 95 प्रतिशत हो गया है। सपा अध्यक्ष के मुताबिक, पीडीए में अब हर समाज के पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग शामिल हो गए हैं। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं।

यह भी पढ़ें:-केशव मौर्य का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार, सपा देखती रह जाएगी सपने

 

संबंधित समाचार