जौहर ट्रस्ट केस : ED के 15 सवालों में घिरे आजम खान, लखनऊ जोन के अधिकारियों ने की सघन पूछताछ

Amrit Vichar Network
On

चार दिन की कस्टडी रिमांड पर दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय में पूछताछ जारी, यूनिवर्सिटी निर्माण की लागत और सरकारी धन के कथित इस्तेमाल को लेकर मांगे जा रहे जवाब

जौहर ट्रस्ट और मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी आजम खान से चार दिन की कस्टडी रिमांड के दौरान पूछताछ कर रही है। एजेंसी के मुताबिक, आयकर रिटर्न में निर्माण खर्च 78.32 करोड़ रुपये दिखाया गया, जबकि वास्तविक लागत 494 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

लखनऊ, अमृत विचार : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और जौहर ट्रस्ट से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शनिवार (14 नवंबर 2026) को प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ का दूसरा दिन रहा। गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत द्वारा दी गई चार दिन की कस्टडी रिमांड के तहत उनसे दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय में गहन पूछताछ की जा रही है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह पूछताछ प्रवर्तन निदेशालय की लखनऊ जोनल टीम के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा रही है। रिमांड अर्जी में जांच एजेंसी ने आजम खान को इस पूरे मामले का 'मुख्य व्यक्ति' बताया है। ईडी की लखनऊ जोनल टीम ने आजम खान से पूछने के लिए 15 प्रमुख सवालों की एक सूची तैयार की है। ईडी के मुताबिक, जौहर ट्रस्ट और यूनिवर्सिटी के आयकर रिटर्न में निर्माण पर केवल 78.32 करोड़ रुपये का खर्च दिखाया गया, जबकि वास्तविक निर्माण लागत 494 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। 

एजेंसी करीब 426 करोड़ रुपये के इस बड़े वित्तीय अंतर और बेहिसाब रकम के स्रोत की पड़ताल कर रही है। वर्ष 2012 से 2017 के बीच सरकारी परियोजनाओं के धन को यूनिवर्सिटी निर्माण में डायवर्ट करने और विशेष ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के आरोपों पर सवाल पूछे जा रहे हैं। ट्रस्ट को मिले चंदे की पारदर्शिता और यूनिवर्सिटी के लिए की गई जमीन खरीद से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:-Azam Khan : रामपुर जेल से रिहा होते ही आजम खां को ED ने हिरासत में लिया, ईडी के खिलाफ समर्थकों ने नारेबाजी

 

संबंधित समाचार