लखनऊ के बीकेटी में खूनी संघर्ष: पारिवारिक विवाद में चाचा ने भतीजे पर बांके से किया जानलेवा हमला, हालत नाजुक
मामूली कलह ने लिया खूनी रूप, आरोपी चाचा की पुरानी आपराधिक कुंडली भी आई सामने; निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा भतीजा
लखनऊ के बीकेटी इलाके के शुक्लन पुरवा गांव में पारिवारिक विवाद के चलते चाचा अजय मिश्रा ने भतीजे दिव्यांशु मिश्रा पर बांके से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बख्शी का तालाब (लखनऊ), अमृत विचार: लखनऊ के बख्शी का तालाब (बीकेटी) थाना क्षेत्र के अंतर्गत शुक्लन पुरवा गांव में सोमवार दोपहर पारिवारिक कलह ने खूनी रूप ले लिया। मामूली विवाद को लेकर एक चाचा ने अपने ही भतीजे पर धारदार हथियार (बांके) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे नाजुक हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।
डायल 112 पर दी गई थी सूचना
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्लन पुरवा गांव के रहने वाले अजय मिश्रा उर्फ गुड्डन और उसके भतीजे दिव्यांशु मिश्रा उर्फ शुभम के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद और झगड़ा होता रहता था। सोमवार की दोपहर लगभग 3:15 बजे एक बार फिर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर चाचा अजय मिश्रा उर्फ गुड्डन ने घर में रखे बांके से भतीजे दिव्यांशु पर वार कर दिया। हमले में दिव्यांशु लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इस बीच मारपीट के दौरान आरोपी चाचा खुद भी चोटिल हो गया। घटना की सूचना अजय मिश्रा के पुत्र करन ने तुरंत डायल 112 पुलिस को दी।
ट्रॉमा सेंटर से परिजनों ने निजी अस्पताल में कराया भर्ती
सूचना मिलते ही बीकेटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आनन-फानन में दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से रामसागर मिश्र सौ शैया अस्पताल, बीकेटी भेजा। वहां डॉक्टरों ने दिव्यांशु मिश्रा उर्फ शुभम की गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया था। हालांकि, परिजन उसे ट्रॉमा सेंटर न ले जाकर इलाज के लिए सीधे किसी निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
आपराधिक प्रवृत्ति का है आरोपी चाचा
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अजय मिश्रा उर्फ गुड्डन पहले से ही आपराधिक किस्म का व्यक्ति है। उसका आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई लोगों के साथ झगड़ा और मारपीट कर चुका है। इस संबंध में थाना प्रभारी राधेश्याम मौर्य ने बताया कि अभी तक इस मामले में परिवार की तरफ से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें: BKT HADSA : चंद्रिका देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार खंभे से टकराई, दो महिलाओं की मौत और सात घायल
