Chhath Mahaparv 2026 : विपक्ष पर बरसे CM योगी, कहा- जिनका जीवन पाखंड से भरा, उन्हें छठ में भी दिखता है भेदभाव

Amrit Vichar Network
On

लक्ष्मण मेला मैदान में संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री- 2017 से पहले प्रदेश में उपद्रव होता था, अब यूपी उत्सव प्रदेश बन चुका है; शारदा सिन्हा को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान में छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को दुर्गा पूजा, कांवड़ यात्रा और छठ में भी पाखंड व भेदभाव दिखाई देता है। सीएम ने यूपी को उपद्रव से उत्सव प्रदेश बनाने का दावा किया और शारदा सिन्हा को श्रद्धांजलि दी।

लखनऊ, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों का अपना जीवन पाखंड से भरा है, उन्हें दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा में पाखंड दिखाई देता है और वे छठ महापर्व में भी भेदभाव ढूंढते हैं। ऐसे लोग समाज और संस्कृति के दुश्मन हैं। वे भारत की सनातन परंपरा को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं।

मुख्यमंत्री लक्ष्मण मेला मैदान स्थित गोमती नदी के तट पर अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से आयोजित छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

2017 से पहले उपद्रव, अब उत्सव प्रदेश बना उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में जब उपद्रव होता था, तब सरकार कान में तेल डालकर सोती रहती थी। उस समय घाटों पर न तो सफाई की व्यवस्था होती थी और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम। आज उत्तर प्रदेश उपद्रव से उत्सव प्रदेश बन चुका है। धनतेरस, दीपावली, अयोध्या के भव्य दीपोत्सव से लेकर छठ महापर्व तक लाखों श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मना रहे हैं।

6

उन्होंने कहा कि वाराणसी में करीब 20 लाख और गोरखपुर में 16 लाख श्रद्धालुओं सहित गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, मऊ, देवरिया और कुशीनगर जैसे जिलों में भी बड़ी संख्या में लोग छठ महापर्व में शामिल हो रहे हैं। आज घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। माता-बहनों की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश करने वालों की दुर्गति निश्चित है।

शारदा सिन्हा के गीतों को बताया छठ की धड़कन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठ महापर्व पर स्वर कोकिला पद्म विभूषण स्वर्गीय शारदा सिन्हा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार छठ लोक आस्था की आत्मा है, उसी प्रकार शारदा सिन्हा के स्वर इस महापर्व की सजीव धड़कन रहे हैं। उनके गीतों ने दशकों तक हर आस्थावान भारतीय के मन में मिट्टी की सुगंध को जीवित रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा सिन्हा भले ही आज हमारे बीच भौतिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन छठी मइया की कृपा और उनके गीतों की गूंज हर घाट पर सदैव जीवित रहेगी।

पूर्वांचल और बिहार के परिवारों का लखनऊ के विकास में योगदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में पूर्वांचल और बिहार से आए लाखों परिवार रहते हैं। इन परिवारों ने अपनी उद्यमशीलता से प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने लखनऊ को अपना घर बनाया है और लखनऊ ने भी उन्हें अपने परिवार का हिस्सा माना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान किसी एक भाषा या क्षेत्र से नहीं, बल्कि उसकी समावेशी संस्कृति और एकात्मता से है। छठ महापर्व इसी सांस्कृतिक एकता और लोक आस्था का प्रतीक है।

01

मालिनी अवस्थी को किया सम्मानित, स्मारिका का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से प्रकाशित 'सनेश' स्मारिका का विमोचन किया। उन्होंने आयोजन की भव्यता और साफ-सफाई के लिए संस्था के अध्यक्ष प्रभुनाथ राय, राष्ट्रीय महासचिव मनोज सिंह, राष्ट्रीय सचिव वेद प्रकाश और अंबरीश राय के प्रयासों की सराहना की।

संस्था के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रख्यात लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। मालिनी अवस्थी ने छठी मइया का गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

यह भी पढ़ें:-Chhath Mahaparv 2026 : लक्ष्मण मेला मैदान में छठ की धूम, छठी मैया की भक्ति में डूबे CM योगी, डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, श्रद्धालुओं पर की पुष्प वर्षा

 

संबंधित समाचार