UPI पेमेंट पर Extra Charge क्यों? MDR लागू नहीं, फिर भी ग्राहकों से हो रही ज्यादा वसूली

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

15 अक्टूबर से 2000 रुपये से अधिक के भुगतान पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर प्रस्तावित

UPI पेमेंट पर Extra Charge क्यों लिया जा रहा है? जानें UPI भुगतान पर MDR, MRP से ज्यादा वसूली और ग्राहकों से अतिरिक्त चार्ज लेने से जुड़े नियम।

लखनऊ, अमृत विचार। यूपीआई भुगतान पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) लागू होने में अभी करीब दो सप्ताह बाकी हैं, लेकिन शहर में कुछ दुकानदारों ने इसकी आड़ में ग्राहकों से अभी से अतिरिक्त रकम वसूलना शुरू कर दिया है। ग्राहकों के विरोध करने पर दुकानदारों का तर्क है कि यूपीआई पर एमडीआर लग गया है। दिलचस्प यह है कि ग्राहकों से एमडीआर शुल्क नहीं लिया जाना है। बावजूद इसके दुकानदारों की मनमानी शुरू हो गई है।

दूध के पैकेट पर एक रुपये ज्यादा

बिरहाना निवासी सर्वेश दीक्षित ने बताया कि गुरुवार रात उन्होंने रानीगंज जनरल स्टोर से आधा लीटर दूध का पैकेट खरीदा। पैकेट पर कीमत 37 रुपये अंकित थी, लेकिन यूपीआई से भुगतान करने पर दुकानदार ने 38 रुपये मांगे। रकम को लेकर दोनों में बहस हुई और अंत में उन्हें 38 रुपये का भुगतान करना पड़ा।

600 रुपये के सामान पर 604 रुपये की वसूली

पल्टन छावनी के निवासी विकास तिवारी ने बताया कि उन्होंने जनरल स्टोर से करीब 600 रुपये का सामान खरीदा। यूपीआई भुगतान करने पर दुकानदार ने 604 रुपये का भुगतान कराया। उनका कहना है कि नकद भुगतान की स्थिति में इतनी रकम नहीं मांगी गई थी।

बेकरी उत्पादों में भी वसूली का खेल

मटियारी निवासी डाल्टन श्रीवास्तव ने बताया कि बेकरी से सामान खरीदने पर दुकानदार ने यूपीआई भुगतान के नाम पर बढ़ा हुआ दाम लिया। ग्राहकों का कहना है कि एमडीआर के नाम पर छोटे-छोटे भुगतान में भी अतिरिक्त रकम मांगी जा रही है।

15 अक्टूबर से लागू होना है नया ढांचा

एनपीसीआई के अनुसार 15 अक्टूबर से 2000 रुपये से अधिक के चुनिंदा व्यक्ति-से-व्यापारी (पी2एम) यूपीआई लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर लागू होगा। यह शुल्क व्यापारी की ओर से देय है। 2000 रुपये तक के भुगतान और बड़ी संख्या में छोटे व्यापारियों के लेनदेन इस व्यवस्था से बाहर रहेंगे। मसलन, 20 हजार रुपये के यूपीआई भुगतान पर 0.4 प्रतिशत की दर से 80 रुपये एमडीआर बनता है। हालांकि वित्त मंत्रालय ने बैंकों को यह सुनिश्चित करने की सलाह दी है कि व्यापारी यह शुल्क ग्राहकों पर न डालें।

अभी से बढ़ी वसूली, आगे बोझ बढ़ने की आशंका

एमडीआर लागू होने से पहले ही दुकानदारों द्वारा अतिरिक्त रकम वसूलने की शिकायतें सामने आने से ग्राहकों में नाराजगी है। आशंका यह भी है कि 15 अक्टूबर के बाद कुछ व्यापारी एमडीआर का खर्च निकालने के लिए सामान की कीमत बढ़ाने, अतिरिक्त चार्ज जोड़ने या नकद भुगतान के लिए दबाव बनाने की कोशिश कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें :
भदोही में सजेगा कालीन का ग्लोबल बाजार, 65 देशों के खरीदारों की नजर; 500 करोड़ के ऑर्डर की उम्मीद

 

 

संबंधित समाचार