Hardoi News : कोहरे में काल बनी रफ्तार, टक्कर के बाद बाइक सवार दो भाइयों की मौत
हरदोई में सुजनिया बाजार के पास हुआ हादसा, टक्कर के बाद करीब 10 मीटर दूर जा गिरे दोनों युवक; वाहन और चालक की पहचान को लेकर परिजनों की पुलिस से झड़प
हरदोई के अतरौली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह कोहरे के बीच बाइक की तेज रफ्तार वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में अनुज (27) और आकाश (22) की मौके पर मौत हो गई। परिजनों ने वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग की, जिसको लेकर पुलिस से झड़प भी हुई।
हरदोई, अमृत विचार। कोहरे के बीच तेज रफ्तार ने दो युवकों की जान ले ली। अतरौली थाना क्षेत्र में लूमामऊ-महगवां रोड पर सुजनिया बाजार के पास शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो फुफेरे भाइयों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक करीब 10 मीटर दूर जा गिरे। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जरूरी काम से निकले थे दोनों युवक
अतरौली थाना क्षेत्र के गहिरा गांव निवासी राजेंद्र का 27 वर्षीय बेटा अनुज शनिवार सुबह अपने 22 वर्षीय फुफेरे भाई आकाश पुत्र छोटेलाल निवासी फतेहपुर मजरा गोड़वा के साथ बाइक से किसी जरूरी काम के लिए निकला था। दोनों लूमामऊ-महगवां रोड पर सुजनिया बाजार के पास पहुंचे थे। इसी दौरान कोहरे के बीच उनकी बाइक की तेज रफ्तार वाहन से टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण कि कई टुकड़ों में बिखर गई बाइक
हादसा इतना जोरदार था कि अनुज और आकाश उछलकर करीब 10 मीटर दूर जा गिरे। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद बाइक कई टुकड़ों में टूटकर सड़क पर बिखर गई। हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी।
वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग, परिजनों की पुलिस से झड़प
सूचना मिलते ही अतरौली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। इसी बीच अनुज और आकाश के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। तब तक मौके पर काफी भीड़ जमा हो चुकी थी।
परिजनों ने हादसे में शामिल वाहन की पहचान कर चालक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प भी हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें:-जौहर ट्रस्ट केस : ED के 15 सवालों में घिरे आजम खान, लखनऊ जोन के अधिकारियों ने की सघन पूछताछ
