Lucknow University:लखनऊ विश्वविद्यालय में हॉस्टल के खाने पर छात्रों का फूटा गुस्सा, कुलपति को सौंपा ज्ञापन... उठाई मेस जांच की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रावासों में खराब एवं गुणवत्ताहीन भोजन मिलने की शिकायत को लेकर समाजवादी छात्रसभा के छात्रों ने कुलपति को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने सभी मेस का निरीक्षण, भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता जांचने की मांग की।

लखनऊः लखनऊ विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्रावासों में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने अपनी नाराजगी दर्ज कराई है। समाजवादी छात्रसभा से जुड़े छात्रों ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर सभी हॉस्टल मेस का तत्काल निरीक्षण कराने और भोजन की गुणवत्ता व स्वच्छता की जांच कराने की मांग की।

छात्रों का कहना है कि छात्रावासों के मेस में लंबे समय से खराब एवं गुणवत्ताहीन भोजन मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि इस तरह के भोजन से छात्रों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। छात्रों ने मांग की कि विश्वविद्यालय प्रशासन सभी छात्रावासों के मेस की जांच कराकर भोजन को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करे।

मेस शुल्क लेने के बाद खराब भोजन क्यों?

छात्रनेता आदित्य पाण्डेय ने कहा कि हॉस्टल में रहने वाले छात्रों से मेस के भोजन के लिए शुल्क लिया जाता है। ऐसे में उन्हें खराब या गुणवत्ताहीन भोजन मिलना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित में सभी मेस का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी तरह की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। छात्रों के स्वास्थ्य और उनके अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

ज्ञापन में ये मांगें प्रमुख

छात्रों की ओर से दिए गए ज्ञापन में मेस के भोजन की तत्काल गुणवत्ता जांच, भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने, छात्रों की शिकायतों के लिए नियमित निरीक्षण और प्रभावी शिकायत व्यवस्था बनाने की मांग की गई है। इसके साथ ही दोषी पाए जाने वाले मेस संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी रखी गई।

छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से कहा कि छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मामले में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुसार स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।

ज्ञापन देने वालों में छात्रनेता रोहित यादव, आदित्य पाण्डेय, प्रदेश सचिव अक्षय वर्मा, रवि नन्दन यादव, अक्षय पाण्डेय, अंकित पाण्डेय, वैभव यादव और आर्यन कुशवाहा समेत अन्य छात्र मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः SIR के विरोध में INDIA ब्लॉक का ‘Save Democracy March’, राहुल-प्रियंका समेत 19 दलों के सांसद सड़क पर; CEC के इस्तीफे की मांग

संबंधित समाचार