लखनऊ : चुनाव आयोग ने पीलीभीत के DM से मांगा स्पष्टीकरण, मतदाता सूची में मिली है भारी गड़बड़ी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कराई जांच, तब अधिकारियों की लापरवाही आयी सामने
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-127 की मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी उजागर होने के बाद चुनाव आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा द्वारा कराई गई जांच में शिकायत सही पाए जाने पर वर्तमान और तत्कालीन पूर्व जिलाधिकारी (डीएम) से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में गड़बड़ी उजागर होने पर चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। पीलीभीत जिले में स्थित एक विधानसभा में जांच के दौरान मतदाता सूची में गड़बड़ी पाए जाने पर वर्तमान डीएम व तत्कालीन डीएम से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
दरअसल, पीलीभीत के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र- 127 की मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी सामने आई थी, जिसकी जांच उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने करायी तो मामला सही पाया गया, जिसके बाद वर्तमान डीएम व पूर्व डीएम से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
यह था पूरा मामला
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की तरफ से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि जनपद पीलीभीत के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र- 127 सदर की मतदाता सूची में बड़ी संख्या में दर्ज मतदाताओं के इपिक संख्या यानी की पहचान पत्र (ईपीआईसी) पर किसी अन्य मतदाताओं का विवरण प्रदर्शित हो रहा था। जिसके बाद जांच हुई तो 31 मई, 2026 से 29 अगस्त, 2026 के बीच कुल 13,779 त्रुटिपूर्ण तरीके से फार्मों को जमा किया गया था। जिसमें से 10,470 त्रुटिपूर्ण फार्मों को स्वीकृत भी किया गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की तरफ से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और मतदाता सूची संबंधी नियमावली-2023 में जिला निर्वाचन अधिकारियों के लिए निर्धारित कर्तव्यों एवं दायित्वों के मद्देनजर जिले के वर्तमान और पूर्व जिला निर्वाचन अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बयान में कहा कि मतदाता सूची की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखना जिला निर्वाचन अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सूची में किसी भी तरह की खामी या अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सऊदी अरब से सोशल मीडिया पर की शिकायत
इस बीच, उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के एक व्यक्ति द्वारा सऊदी अरब में नौकरी के लिए जाने के बाद मतदाता सूची से अपना और अपनी पत्नी का नाम कटने की शिकायत किए जाने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने उसे फॉर्म-6ए भरने की सलाह दी है। 'एक्स' पर एक पोस्ट में व्यक्ति ने बताया कि वह फतेहपुर के मलवां ब्लॉक के रेवारी गांव का निवासी है और रोजगार के लिए सऊदी अरब आया है। उसने मतदाता सूची से अपना और अपनी पत्नी का नाम हटाए जाने पर संज्ञान लेने का अनुरोध किया। इस पर उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने जवाब दिया कि विदेश में रह रहे ऐसे भारतीय नागरिक जिन्होंने किसी अन्य देश की नागरिकता नहीं ली है वे मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6ए भर सकते हैं। यह फॉर्म निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध है।
