लखनऊ : UPSIFS के छात्रों ने ढूंढा ट्रैफिक जाम का तोड़, अब मिनटों में साफ होगी सड़कें
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज में बुधवार को 'क्वांटम टेक्नोलॉजी' पर एक विशेष स्टेज प्रेजेंटेशन का आयोजन किया गया। इसमें संस्थान के लॉ, बीटेक और एमटेक के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्रों के विभिन्न समूहों ने देश-विदेश के जाने-माने आईटी विशेषज्ञों डॉ. पवन शर्मा (यूएसए) और हेराल्ड डी कोस्टा के सामने 'क्वांटम कंप्यूटिंग के माध्यम से यातायात (ट्रैफिक) समस्या का समाधान' विषय पर अपने अनूठे मॉडल प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर अमेरिका से आए आईटी एक्सपर्ट डॉ. पवन शर्मा ने संस्थान के तकनीकी माहौल और जटिल विषयों पर छात्रों की अद्भुत पकड़ व दक्षता की जमकर सराहना की। संस्थान के संस्थापक निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी ने बताया कि छात्रों ने जी-7 समिट का उदाहरण देते हुए डी-वेव एनिलेर, एडब्लूयएस क्लाउड और क्यूयूबीओ मॉडल के जरिए 'स्मार्ट रूट ऑप्टिमाइजेशन' का बेहतरीन तरीका सुझाया। इसके साथ ही 'टीम क्यूबी' द्वारा फोटोनिक आधारित क्वांटम रैंडम नंबर जनरेटर का प्रदर्शन किया गया, जो क्वांटम की डिस्ट्रीब्यूशन तकनीक पर आधारित है।
डॉ. गोस्वामी ने कहा कि इन सफल प्रयोगों से भविष्य में बनने वाली क्वांटम चिप्स डिजिटल फॉरेंसिक, डेटा एन्क्रिप्शन और एविडेंस प्रिजर्वेशन (साक्ष्य सुरक्षा) में गेम-चेंजर साबित होंगी। छात्रों ने अपने प्रेजेंटेशन में इस तकनीक के जरिए वाहनों का आइडल टाइम कम कर सीओ-2 उत्सर्जन घटाने, ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने और एम्बुलेंस व फॉरेंसिक जैसी आपातकालीन सेवाओं के लिए रियल-टाइम में सटीक रूट तैयार करने का पूरा खाका पेश किया। इस दौरान संस्थान के अपर निदेशक संजीव सुमन, उप निदेशक चिरंजीव मुखर्जी, अतुल यादव, डॉ. निमिशा, डॉ. सेंथिल शिवासुब्रमण्यम और जनसंपर्क अधिकारी संतोष तिवारी सहित सभी संकाय सदस्य व छात्र उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : 68500 शिक्षक भर्ती : अभ्यर्थियों ने पाँच कैबिनेट मंत्रियों और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से की मुलाकात, सौंपे ज्ञापन
