राजा भैया के रामकथा आयोजन पर डॉ.आरके वर्मा का बड़ा बयान, कहा- सपा धर्माचार्यों के खिलाफ नहीं, लेकिन आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
कुंडा के बेंती राजभवन स्थित परेड ग्राउंड में 17 नवंबर से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर सपा विधायक ने दिया बयान
प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती राजभवन में 17 से 20 नवंबर तक होने वाली धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर सपा विधायक डॉ. आरके वर्मा ने पार्टी का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि सपा किसी धर्माचार्य या कथावाचक का विरोध नहीं करती। साथ ही उन्होंने आस्था का सम्मान करने और समाज में भाईचारा बनाए रखने की बात कही।
प्रतापगढ़ अमृत विचार : कुंडा के बेंती राजभवन स्थित परेड ग्राउंड में 17 से 20 नवंबर तक श्रीराम कथा है। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के नेतृत्व में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की चार दिवसीय श्रीराम कथा है। आयोजन को लेकर समाजवादी पार्टी से रानीगंज विधायक डॉ.आरके वर्मा ने स्पष्ट किया है कि पार्टी किसी भी धर्माचार्य या कथावाचक का विरोध नहीं करती और न ही उनका रास्ता रोकती है।
गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए सपा विधायक ने कहा कि हालिया विरोध पार्टी की ओर से नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम में आस्था रखने वाले उन आम लोगों की ओर से किया गया था, जिनकी भावनाओं को आहत किया गया है।
कथावाचक के कार्यक्रम में सुरक्षा बढ़ाए जाने के सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी से लोग डरते हैं यह अलग बात है, लेकिन पार्टी ने कभी किसी धर्माचार्य के खिलाफ मोर्चा नहीं खोला। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि धार्मिक प्रवचन करने वालों को आस्थावान लोगों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणियों को अहंकार से प्रेरित।बताते हुए उन्होंने कथाकारों को इससे बचने की सलाह दी।
यूपी की जनता नफरत नहीं, भाईचारा चाहती है
प्रवचन पर प्रतिबंध लगाए जाने से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ऐसे लोग समाज में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश की आम जनता नफरत में नहीं बल्कि सद्भाव और भाईचारे में विश्वास रखती है और उसी रास्ते पर आगे बढ़ती है।
गठबंधन की अटकलों और भाजपा पर निशाना
असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के बीच संभावित गठबंधन के सवाल पर उन्होंने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें गठबंधन मुबारक हो। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा पूरी तरह डरी हुई है, इसलिए वह इस तरह के नए-नए मुद्दे और रास्ते निकाल रही है।
इनपुट : रवि प्रकाश सिंह चंदन
यह भी पढ़ें:-बेंती में श्रीरामकथा की धूम : MLC अक्षय प्रताप ने बांटी जिम्मेदारियां, 16 को निकलेगी ऐतिहासिक कलश यात्रा
