प्रतापगढ़, अमृत विचार : रानीगंज स्थित स्वामी करपात्री इंटर कॉलेज में रविवार को प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे प्रदेश सरकार खाद्य एवं रसद कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के शासनकाल में न्याय मांगने वालों को दबाया जाता था और उन पर गोलियां चलाई जाती थीं, लेकिन आज लोकतंत्र की हत्या करने वाले लोग ही हमें लोकतंत्र का पाठ पढ़ा रहे हैं।
मंत्री मनोज पांडेय ने जनसभा को संबोधित करते हुए आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, जो कुछ विरोधी ताकतों को रास नहीं आ रहा है। पीडीए में पी का मतलब कभी पंडित तो कभी पिछड़ा बताकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जनता सब समझती है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
2027 में भाजपा के समर्थन की अपील
उन्होंने प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वे समाज को सही दिशा दें और 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करें। आयोजक योगेश कुमार मिश्र योगी ने मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय का स्वागत कर अपने विचार रखे। कार्यक्रम को पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता, पूर्व विधायक अभय कुमार धीरज ओझा, मुकेश शुक्ला,पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा हरिओम मिश्र, उपाध्यक्ष अशोक सरोज,अशोक मिश्र पप्पू, विवेक उपाध्याय ने भी संबोधित किया।