नहीं लागू होगी UGC !... राजा भैया का दो टूक बयान, बोले- हमने कह दिया तो कह दिया, देखें वीडियो

Amrit Vichar Network
On

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, बोले- पार्टी के सिद्धांतों से सहमत दलों से ससम्मान होगी बातचीत; यूजीसी नियमों पर सुप्रीम कोर्ट में भी चल रही सुनवाई

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष राजा भैया ने यूजीसी के नए नियमों पर बयान देते हुए कहा कि ये लागू नहीं होंगे। 2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी अपने सिद्धांतों और मान्यताओं के आधार पर ही दूसरे दलों से बातचीत करेगी। यूजीसी नियमों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई और केंद्र की समीक्षा प्रक्रिया भी जारी है।

प्रतापगढ़, अमृत विचार : जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने यूजीसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। एक न्यूज एजेंसी को उनके द्वारा दिया गए बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में उन्होंने  स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यूजीसी लागू नहीं होगी। इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि उत्तर प्रदेश में आगामी राजनीतिक रणनीति क्या होगी और जनसत्ता दल अकेले चुनाव लड़ेगा या किसी अन्य दल के साथ गठबंधन करेगा, तो उन्होंने कहा कि अभी इस पर कुछ तय नहीं है, आगे देखा जाएगा। 

राजनीतिक गठबंधन के सवाल पर राजा भैया ने कहा कि जनसत्ता दल की कुछ मान्यताएं और सिद्धांत हैं। इन्हीं सिद्धांतों और मान्यताओं के साथ जो भी राजनीतिक दल आगे आना चाहेंगे, उनसे ससम्मान वार्ता की जाएगी। यूजीसी को लेकर उनके इस बेबाक बयान और आगामी राजनीतिक रणनीति पर दिए गए जवाब की चर्चा तेज हो गई है।

प्रदेश में सियासी हलचल तेज, सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई और कमेटी का गठन

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के 'उच्च शिक्षण संस्थानों में समानता संवर्धन नियम, 2026' को लेकर देश और उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। UGC द्वारा जनवरी 2026 में लागू किए गए इन नियमों का सामान्य (सवर्ण) वर्ग और कई संगठनों ने भारी विरोध किया था। 

सुप्रीम कोर्ट ने इन विवादित नियमों पर रोक लगाते हुए पुराने 2012 के नियमों को बहाल कर दिया था। हाल ही में, केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि वह छात्रों की चिंताओं और आशंकाओं को दूर करने के लिए इन नियमों की समीक्षा हेतु एक विशेष समिति का गठन करेगी। कोर्ट ने मामले की सुनवाई चार हफ्ते के लिए टाल दी है।

यूजीसी को लेकर राजनेताओं ने दिए बयान

प्रयागराज में हुई एक जनसभा में पूर्व विधायक उदयभान करवरिया ने UGC के नए नियमों का विरोध किया और इसे समाप्त करने की मांग उठाई। उन्नाव में बीजेपी नेता कैप्टन राहुल तिवारी ने UGC के मुद्दे और उपेक्षा से आहत होकर पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।    

बता दें कि ये नियम उच्च शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव को रोकने और समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लाए गए थे, लेकिन इनमें कुछ प्रावधानों को लेकर अस्पष्टता और सवर्ण वर्ग के खिलाफ होने के आरोप लगे, जिसके बाद यह बड़ा कानूनी और राजनीतिक विवाद बन गया।

इनपुट : रवि प्रकाश सिंह चंदन

यह भी पढ़ें:-बेंती श्रीराम कथा : 16 नवंबर को चार ब्लॉक और 4 नगर पंचायतों से निकलेगी कलश यात्रा, बेटों को भी सौंपी गई जिम्मेदारी

 

संबंधित समाचार