Saharanpur Accident News: माता की जोत लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रॉली में घुसा कैंटर, चार की मौत से मचा कोहराम
मेरठ के सरधना निवासी थे मृतक, आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल; डीएम और एसएसपी ने जिला अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
सहारनपुर के देवबंद फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कैंटर ने माता शाकंभरी देवी से जोत लेकर लौट रही श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में मेरठ के सरधना निवासी दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
सहारनपुर/देवबंद। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में देवबंद फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब श्रद्धालु सिद्धपीठ माता शाकंभरी देवी मंदिर से माता की जोत लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहे थे। सभी श्रद्धालु मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया।
खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से घुसा कैंटर
जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु माता शाकंभरी देवी के दर्शन करने के बाद माता की जोत लेकर वापस लौट रहे थे। देवबंद फ्लाईओवर पर किसी वजह से उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली कुछ देर के लिए रुकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कैंटर ने ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार श्रद्धालु सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अमन, रमेश, सत्येंद्र और सागर की मौत
हादसे में जान गंवाने वाले चारों श्रद्धालुओं की पहचान अमन, रमेश, सत्येंद्र और सागर के रूप में हुई है। चारों मेरठ के सरधना क्षेत्र के निवासी थे। मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
गंभीर घायलों को सहारनपुर जिला अस्पताल भेजा
दुर्घटना के बाद स्थानीय पुलिस और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए देवबंद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सहारनपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सीओ देवबंद के अनुसार, दो श्रद्धालुओं की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या चार हो गई।
डीएम और एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
हादसे की जानकारी मिलते ही सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविंद चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कैंटर को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ेंः Barabanki Heritage: 128 साल पुरानी बारादरी को मिला राजकीय धरोहर का दर्जा, अब संरक्षण और सौंदर्यीकरण की उम्मीद
