निठारी कांड : नर्क बनी सुरेंद्र कोली के भाईयों की जिंदगी, पहचान छुपाने के लिए बदला नाम और सरनेम
-भाई का गांव मंगरूखाल आना भी हुआ बंद
निठारी कांड का असर सुरेंद्र कोली के परिवार पर भी पड़ा। समाज के तानों से बचने के लिए दिल्ली में रहने वाले उसके एक भाई ने कथित तौर पर नाम, सरनेम और गांव तक बदल लिया।
अल्मोड़ा, अमृत विचार: निठारी कांड ने सिर्फ सुरेंद्र कोली की जिंदगी बर्बाद नहीं की, बल्कि उसके सगे भाइयों की पहचान तक छीन ली। एक महानगर में रहने वाले उसके एक भाई को समाज के तानों से बचने के लिए अपना नाम, सरनेम और गांव तक बदलना पड़ा। निठारी कांड सामने आते ही सुरेंद्र कोली का नाम और अल्मोड़ा के मंगरूखाल गांव का जिक्र होने लगा। उसके बाद एक बड़े शहर में एक फैक्ट्री में काम करने वाले उसके छोटे भाई की जिंदगी नर्क बन गई। मोहल्ले वाले उसे नरभक्षी का भाई कहने लगे। मकान मालिक ने कमरा खाली करने को कह दिया।
नौकरी पर भी लोग दूरी बनाने लगे। भाई ने पहले लोगों को यकीन दिलाने के लिए सार्वजनिक रूप से मांस खाना छोड़ दिया और खुद को शाकाहारी बताने लगा। उसने अपने सभी दस्तावेजों में कोली सरनेम हटाकर दूसरा सरनेम लगा लिया। आधार कार्ड, बच्चों के स्कूल के फॉर्म में भी नया नाम लिखवाया। ग्रामीणों ने बताया कि वह अब एक बड़े शहर के एक बाहरी इलाके में किसी और नाम से गुमनाम जिंदगी जी रहा है।
गांव से भी कटा रिश्ता
निठारी कांड के बाद भाई ने सुरेंद्र से रिश्ता तोड़ दिया था, लेकिन नाम बदलने के बाद उसने मंगरूखाल आना भी बंद कर दिया। गांव वालों के मुताबिक वह पिछले 10 साल से गांव नहीं आया। यहां तक कि अपनी मां के अंतिम संस्कार में भी वह चुपचाप आया और बिना किसी से मिले लौट गया।
