Weather Today: UP में मौसम का डबल अटैक! कहीं घना कोहरा तो कहीं बारिश, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश और 16-17 नवंबर को घने कोहरे की संभावना, दिल्ली में बूंदाबांदी के आसार; उत्तराखंड और हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान

Weather Update Today: यूपी में घने कोहरे और बारिश का अलर्ट, दिल्ली में बूंदाबांदी के आसार। बिहार में छठ पर मौसम रहेगा साफ, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी की संभावना।

श्रावस्ती/ डिजिटल डेस्क, अमृत विचारः नवंबर का दूसरा सप्ताह बीतने के साथ ही देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर भारत में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने लगी है। कई इलाकों में सुबह हल्के से घने कोहरे की चादर दिखाई दे रही है। वहीं, दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का दौर जारी है। पहाड़ी राज्यों में भी बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इस बीच मौसम विभाग ने 15 नवंबर के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों का पूर्वानुमान जारी किया है।

दिल्ली में बारिश और बूंदाबांदी के आसार

देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इसके अलावा 16 से 20 नवंबर तक सुबह के समय मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।

यूपी में कहीं बारिश तो कहीं घने कोहरे का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल सकते हैं। पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में 15 और 16 नवंबर को हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, 16 और 17 नवंबर को प्रदेश के दोनों मौसम संभागों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है।

सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में खासकर हाईवे और खुले इलाकों में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

श्रावस्ती में कोहरे की सफेद चादर, दिन में भी जलानी पड़ीं गाड़ियों की लाइटें

तराई क्षेत्र में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। श्रावस्ती जिले में सुबह से ही घने कोहरे की सफेद चादर छाई रही। दृश्यता इतनी कम हो गई कि कुछ दूरी पर देख पाना भी मुश्किल हो गया। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई और चालकों को दिन में भी हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर सफर करना पड़ा।

भिनगा, इकौना, गिलौला और मल्हीपुर समेत प्रमुख मार्गों पर सुबह यातायात प्रभावित रहा। कामकाज के लिए घरों से निकले लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गुलाबी ठंड के चलते लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। कई जगहों पर लोगों ने अलाव का सहारा लिया।

किसानों के लिए राहत की उम्मीद

घने कोहरे और मौसम में नमी से रबी सीजन के किसानों के चेहरों पर राहत की उम्मीद जगी है। गेहूं की बुवाई और तिलहनी फसलों के लिए मिट्टी में नमी फायदेमंद मानी जा रही है।

बिहार में छठ पर साफ रहेगा मौसम

बिहार में छठ पूजा के अवसर पर मौसम लोगों का साथ दे सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य के सभी 38 जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छा सकता है। झारखंड में भी अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने और बारिश नहीं होने का अनुमान है।

वहीं, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 16 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। ओडिशा में 18 नवंबर को कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में बारिश का येलो अलर्ट, एमपी में बढ़ेगी ठंड

राजस्थान में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने बीकानेर और जयपुर संभाग के 10 जिलों में बादल छाने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। दूसरी ओर, मध्य प्रदेश में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके चलते सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है।

दक्षिण भारत में 20 नवंबर तक बारिश का दौर

दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 15 से 20 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है।

दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में 19 और 20 नवंबर को बारिश होने का अनुमान है। वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 17, 18 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में 18 से 20 नवंबर के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश के साथ बर्फबारी

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में रविवार को बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। शिमला, कांगड़ा और कुल्लू में बारिश हो सकती है, जबकि जनजातीय जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने का अनुमान है। प्रदेश के निचले इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं।

फिलहाल देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं ठंड और कोहरा बढ़ रहा है तो कहीं बारिश और बर्फबारी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।

यह भी पढ़ेंः मौसम का हाल: बरेली में कोहरे का पहरा, एयरफोर्स स्टेशन पर दृश्यता शून्य, बेअसर हुई दिन की धूप

संबंधित समाचार