मौसम का हाल: बरेली में कोहरे का पहरा, एयरफोर्स स्टेशन पर दृश्यता शून्य, बेअसर हुई दिन की धूप
- अगले तीन दिन सुबह और शाम छाएगा घना कोहरा, 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
बरेली में सर्दी का असर बढ़ने लगा है। शनिवार सुबह एयरफोर्स स्टेशन पर दृश्यता शून्य दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन घने कोहरे और तापमान में गिरावट का अनुमान जताया है।
बरेली, अमृत विचार। शहर में सर्दी के साथ घने कोहरे का असर बढ़ने लगा है। सुबह और रात के समय कोहरे की चादर छाने से दृश्यता प्रभावित हो रही है। शनिवार सुबह बरेली एयरफोर्स स्टेशन पर दृश्यता शून्य दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है।
दिन में धूप निकलने के बावजूद लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है। मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी दिखने लगा है। शनिवार को बरेली में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 17 नवंबर तक सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में भी गिरावट हो सकती है। आगामी दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है। इससे ठंड का असर और बढ़ेगा।
कोहरे में वाहन चलाते समय बरतें सावधानी
सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाने से सड़कों पर दृश्यता कम हो रही है। ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। कोहरे के दौरान वाहन की गति नियंत्रित रखें और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। फॉग लैंप का इस्तेमाल करें और अचानक ब्रेक लगाने से बचें। दृश्यता बेहद कम होने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन रोक दें। जल्दबाजी में सफर करना हादसे का कारण बन सकता है।
