Share Market Closing: कच्चे तेल की कीमतों में आई मामूली गिरावट, जानें किन शेयरों में आई तेजी
घरेलू शेयर बाजार उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में लगभग स्थिर बंद हुए।
कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले से पहले निवेशकों की सतर्कता के बीच शेयर बाजार लगभग स्थिर बंद हुआ। सेंसेक्स और निफ्टी में मामूली गिरावट दर्ज की गई। जानें किन शेयरों में तेजी रही और किनमें बिकवाली का दबाव दिखा।
मुंबई। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, प्रमुख बैंक शेयरों में बिकवाली और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले निवेशकों के सतर्क रुख अपनाने से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में लगभग स्थिर बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 8.08 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 73,598.67 अंक पर बंद हुआ।
दिनभर बाजार में दिखा उतार-चढ़ाव
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में यह 73,762.98 अंक के ऊपरी और 73,179.41 अंक के निचले स्तर तक गया। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 3.45 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 22,749.75 अंक पर बंद हुआ।
SBI, HDFC बैंक और TCS के शेयरों पर दबाव
सेंसेक्स की कंपनियों में भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर प्रमुख रूप से गिरावट में रहे। दूसरी तिमाही, भारती एयरटेल, ट्रेंट, मारुति और पावर ग्रिड के शेयरों में तेजी रही।
कच्चे तेल की कीमत और फेड के फैसले पर नजर
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.03 प्रतिशत गिरकर 115.8 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले निवेशकों के सतर्क रुख ने वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों का असर सीमित कर दिया। मुनाफावसूली के कारण आईटी और निजी बैंकों के शेयरों पर दबाव रहा, जबकि दवा, वाहन, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और रियल्टी कंपनियों के शेयरों में तेजी रही।"
विदेशी निवेशकों की बिकवाली से भी दबाव
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 1,462.49 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की थी। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी कारोबार के दौरान कमजोरी रही। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। सोमवार को सेंसेक्स 482.92 अंक चढ़कर 73,606.75 अंक और निफ्टी 153.20 अंक की बढ़त के साथ 22,753.20 अंक पर बंद हुआ था।
