OTS 2026: नगर निगम की ओटीएस योजना में आवेदन का आज आखिरी मौका, 15 दिसंबर तक जमा कर सकेंगे बकाया
गृहकर, जलकर और सीवरकर के बकायेदारों को राहत, ब्याज और सरचार्ज में मिलेगी नियमानुसार छूट
लखनऊ नगर निगम की ओटीएस योजना में आवेदन का आज 14 नवंबर अंतिम मौका है। गृहकर, जलकर और सीवरकर के बकायेदार 15 दिसंबर तक भुगतान कर नियमानुसार ब्याज और सरचार्ज में छूट पा सकते हैं।
लखनऊ, अमृत विचार: नगर निगम की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ लेने वाले बकायेदारों के पास आवेदन करने का शनिवार को अंतिम मौका है। पात्र उपभोक्ता 14 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि स्वीकृत आवेदन के तहत बकाया धनराशि जमा करने के लिए 15 दिसंबर तक का समय दिया गया है। योजना में एक अप्रैल 2026 तक के लंबित गृहकर, जलकर और सीवरकर का बकाया जमा करने पर नियमानुसार ब्याज और सरचार्ज में छूट का प्रावधान है।
बकायेदार नगर निगम के ऑनलाइन पोर्टल पर ‘ऑनलाइन आवेदन करें’ विकल्प के जरिए ओटीएस के लिए आवेदन कर सकते हैं। नगर निकाय के रूप में नगर निगम का चयन करने के बाद मोबाइल नंबर और ओटीपी से लॉगिन कर प्रॉपर्टी आईडी, नाम और संपत्ति से संबंधित जानकारी भरनी होगी। आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन देखी जा सकेगी।
आठों जोन में हेल्पडेस्क
ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। नगर निगम के सभी आठ जोन में ओटीएस हेल्पडेस्क बनाए गए हैं। यहां योजना की जानकारी लेने के साथ आवेदन जमा किया जा सकता है। ऑफलाइन आवेदन पर हस्ताक्षर और मुहर लगी पावती भी दी जाएगी। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने नागरिकों से 14 नवंबर तक आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आवेदन स्वीकृत होने के बाद निर्धारित राशि 15 दिसंबर तक जमा कर योजना के तहत नियमानुसार ब्याज और सरचार्ज में छूट का लाभ लिया जा सकता है।
यह भी पढ़ेंः UP ODOA Scheme: ODOP की तर्ज पर यूपी में शुरू होगी ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’ पहल, हर जिले की कला को मिलेगी पहचान
